सेंगर पब्लिक स्कूल में देशभक्ति के रंग में मना स्वतंत्रता दिवस, बच्चों ने दी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
नोएडा, स्वतंत्रता दिवस के गौरवशाली अवसर पर सेंगर पब्लिक स्कूल, सलारपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे की आन-बान-शान, देशभक्ति के गीतों और “भारत माता की जय” तथा “वंदे मातरम्” के जयघोष से गूंज उठा।
समारोह में भारतीय किसान यूनियन, गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष श्री अशोक भाटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने पुष्पमाला पहनाकर और स्वागत गीत प्रस्तुत कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री अशोक भाटी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
“शिक्षा के साथ बच्चों को संस्कार और अनुशासन देना भी जरूरी”
अपने संबोधन में श्री अशोक भाटी ने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके संस्कारों पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रखने तथा उन्हें खेल, अध्ययन, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा तभी सार्थक है, जब उसके साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित हो।
शहीदों के बलिदान को बताया राष्ट्र की अमूल्य धरोहर
वीर शहीदों को नमन करते हुए अशोक भाटी ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग को सदैव याद रखना चाहिए तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी, अनुशासन, मेहनत और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि अशोक भाटी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में आयोजित होने वाले ऐसे राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में देशप्रेम, संस्कार, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने समारोह के सफल एवं अनुशासित आयोजन के लिए विद्यालय के प्रबंधक श्री इन्दर पाल सेंगर, समस्त शिक्षकगण, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों को बधाई दी तथा सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सिंहराज गुर्जर, गजेंद्र रेक्सवाल, कालूराम भाटी, राजेश मिश्रा, अजय गुर्जर, निखिल चौधरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


