पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन, आर्थिक सहायता, पेंशन और राशन कार्ड संबंधी मदद का भी भरोसा
विद्युत लाइन की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक की मौत की घटना पर स्थानीय विधायक ने गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना है। सरकार और वह स्वयं पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं तथा परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विधायक ने बताया कि घटना को लेकर उनकी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं विद्युत विभाग के चीफ से बातचीत हुई है। मौके पर एक्सईएन, एसडीओ और जेई को बुलाया गया। विधायक ने विद्युत विभाग के जेई को तत्काल मौके से हटाने की मांग की, जिसे विभाग ने स्वीकार कर लिया है। वहीं एसडीओ के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई।
विधायक ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं के समय अधिकारियों और कर्मचारियों में मानवीय संवेदनशीलता होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी परिवार ने अपना बच्चा खोया है, ऐसे समय में पीड़ित परिवार की मदद और संवेदनशीलता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता के संबंध में भी अधिकारियों से बातचीत की गई है और सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके साथ ही परिवार को पेंशन, राशन कार्ड एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए तहसील स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया गया है।
विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवार के साथ वह लगातार खड़ी रहेंगी और जरूरत पड़ने पर हरसंभव मदद करेंगी।
उन्होंने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


