नोएडा के उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण की अहम बैठक, कई मांगों पर बनी सहमति
धारा-10 के नोटिस वापसी, लीज रेंट, शुल्क, शेयर हस्तांतरण और भूखंडों से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
नोएडा,नोएडा क्षेत्र के उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को प्राधिकरण के सभाकक्ष में नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (वित्त), एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ प्राधिकरण के औद्योगिक, वित्त एवं नियोजन विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एसोसिएशन की ओर से औद्योगिक इकाइयों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से रखा गया। इनमें धारा-10 के नोटिस वापस लेने की प्रक्रिया को सरल करना, अंतरण एवं समयवृद्धि शुल्क की समीक्षा, औद्योगिक इकाइयों की कार्यशीलता अवधि बढ़ाना, लीज रेंट निर्धारण, कंपनी से एलएलपी में परिवर्तन पर सीआईसी ड्यूटी, किराया अनुमति शुल्क, पारिवारिक शेयर हस्तांतरण, कार्यशीलता प्रमाण पत्र प्राप्त करने की समयावधि, 1000 वर्गमीटर तक के भूखंडों के सेटबैक तथा क्रय योग्य एफएआर की दर से संबंधित विषय शामिल रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने उद्यमियों की ओर से रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि पूर्व में एसोसिएशन द्वारा की गई मांग के दृष्टिगत वाणिज्यिक गतिविधि संबंधी नोटिस वापसी की प्रक्रिया को सरल किया गया है। साथ ही दादा-दादी एवं पोता-पोती को रक्त संबंधों की श्रेणी में शामिल किया गया है।
अन्य विषयों पर भी प्रचलित नियमों एवं यूनिफाइड रेगुलेशन-2025 के अंतर्गत परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नीतिगत मामलों को प्राधिकरण बोर्ड के समक्ष रखने तथा विभागीय विषयों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक के अंत में नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने उद्यमियों की समस्याओं पर सकारात्मक विचार-विमर्श एवं उनके समाधान के लिए मुख्य कार्यपालक अधिकारी का आभार व्यक्त किया।
बैठक से नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को अपनी लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।


