रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को योगी सरकार का उपहार, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा
नोएडा में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का हुआ सजीव प्रसारण, मंत्री सुनील शर्मा ने मातृशक्ति का किया सम्मान
गौतमबुद्धनगर,
प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा सुलभ कराने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का जनपद स्तर पर नोएडा प्राधिकरण, सेक्टर-96 स्थित ऑडिटोरियम में सजीव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, उत्तर प्रदेश सुनील शर्मा, जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रहीं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे वरिष्ठ महिलाओं को आवागमन में सुविधा के साथ आर्थिक राहत भी प्राप्त होगी। सरकार की इस पहल को महिलाओं के सम्मान, सुविधा और सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वहीं, रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों के लिए भी 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे महिलाएं पर्व के दौरान अपने मायके एवं अन्य गंतव्यों तक बिना अतिरिक्त यात्रा व्यय के आसानी से आवागमन कर सकेंगी।
सजीव प्रसारण के बाद मंत्री सुनील शर्मा ने उपस्थित मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना वरिष्ठ महिलाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम के अंत में मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मातृशक्ति का सांकेतिक सम्मान करते हुए महिलाओं को साड़ी एवं मिठाई भेंट की। सम्मान प्राप्त करने वाली महिलाओं ने प्रदेश सरकार की पहल की सराहना करते हुए इसे वरिष्ठ महिलाओं के हित में सराहनीय कदम बताया।


