बिजली कटौती और विद्युत समस्याओं को लेकर भाकियू लोकशक्ति ने ऊर्जा राज्य मंत्री को सौंपा ज्ञापन
अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज, जर्जर लाइनों और गलत बिलिंग समेत किसानों व उपभोक्ताओं की समस्याएं उठाईं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के किसानों एवं आम उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्योराज सिंह के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा राज्य मंत्री श्री कैलाश राजपूत से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में प्रदेश के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती, निर्धारित समय से कम विद्युत आपूर्ति, बार-बार होने वाले फॉल्ट, लो वोल्टेज तथा जर्जर विद्युत लाइनों की समस्याओं को उठाया गया। इसके साथ ही खराब एवं पुराने ट्रांसफार्मरों के कारण उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति पर भी संगठन ने चिंता जताई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्योराज सिंह ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त और निर्धारित समय पर बिजली उपलब्ध नहीं होने से उनकी खेती प्रभावित होती है। उन्होंने किसानों एवं आम उपभोक्ताओं को गलत विद्युत बिलिंग, स्मार्ट मीटरों से संबंधित शिकायतों तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण नहीं किए जाने जैसे मुद्दों को भी मंत्री के समक्ष रखा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
संगठन ने मांग की कि प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जर्जर विद्युत लाइनों और ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाए तथा बार-बार होने वाले फॉल्ट एवं लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
भाकियू लोकशक्ति ने यह भी मांग की कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के साथ-साथ उपभोक्ताओं की बिलिंग एवं स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विद्युत व्यवस्था सीधे तौर पर किसान, मजदूर, व्यापारी और आम उपभोक्ता के जीवन से जुड़ी है। इसलिए जनहित में इन समस्याओं का शीघ्र समाधान आवश्यक है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने स्पष्ट किया कि संगठन किसानों, मजदूरों एवं आम उपभोक्ताओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा और जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष हर स्तर पर मजबूती से उठाता रहेगा।


