बच्ची की हत्या के आरोपी की पुलिस से मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में आरोपी की मौत
पुलिस टीम पर फायरिंग में हेड कांस्टेबल घायल, आरोपी के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, कारतूस व खोखे बरामद
गौतमबुद्धनगर। थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी अभियुक्त के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की गोली से थाना ईकोटेक-3 में तैनात हेड कांस्टेबल रवि कुमार भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने बच्ची की हत्या की घटना के आरोपी बलराज पुत्र खेमचंद, निवासी ग्राम तिलपता, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर, वर्तमान निवासी ग्राम हल्द्वानी, थाना ईकोटेक-3 को सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य स्रोतों की मदद से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त चाकू को डी पार्क चौकी के पास स्थित ग्रीन बेल्ट में झाड़ियों में छिपाकर रखने की जानकारी दी।
पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर चाकू की बरामदगी के लिए बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने झाड़ियों से चाकू बरामद कराया और इसी दौरान मौका पाकर वहां पूर्व से छिपाकर रखी गई .32 बोर की पिस्टल उठा ली। आरोप है कि बलराज ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली लगने से हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी बलराज गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने आरोपी बलराज को मृत घोषित कर दिया, जबकि हेड कांस्टेबल रवि कुमार का उपचार जारी है।
पुलिस ने मृत आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, तीन खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


