स्वर्गीय चौधरी बाबूराम जी की स्मृति में आयोजित टूर्नामेंट की सराहना, बोलीं—ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का बड़ा अवसर
ग्रेटर नोएडा। स्वर्गीय चौधरी बाबूराम जी की स्मृति में आयोजित ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में पहुंचीं निर्मल तंवर भाटी ने आयोजन की भव्यता, खिलाड़ियों की प्रतिभा और आयोजकों के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे जिस तरह पूरे आत्मविश्वास और प्रोफेशनल अंदाज में खेल रहे हैं, उसे देखकर बिल्कुल भी ऐसा महसूस नहीं हो रहा कि यह ग्रामीण स्तर का टूर्नामेंट है।
निर्मल तंवर भाटी ने कहा, “मुझे यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यहां गांव के बच्चे आए हुए हैं, लेकिन उन्हें देखकर बिल्कुल ऐसा नहीं लग रहा कि यह कोई ग्रामीण स्तर का टूर्नामेंट है। जिस प्रोफेशनल तरीके से टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है, उसे देखकर कोई भी यह नहीं कह सकता कि यह ग्रामीण स्तर का आयोजन है।”
उन्होंने क्रिकेट के प्रति अपने लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें बचपन से ही क्रिकेट खेलना बेहद पसंद रहा है। उन्होंने बताया कि बचपन में उन्होंने काफी क्रिकेट खेला और उस समय क्रिकेट को लेकर लड़कियों के लिए बहुत ज्यादा अवसर नहीं हुआ करते थे। इसके बावजूद वह क्रिकेट को मनोरंजन और रुचि के तौर पर खेलती थीं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आयोजकों के प्रयासों को किया सलाम
निर्मल तंवर भाटी ने स्वर्गीय चौधरी बाबूराम जी की स्मृति में इस टूर्नामेंट के आयोजन को एक सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में अपने बुजुर्गों की स्मृति को जीवित रखने के साथ-साथ समाज और युवाओं के लिए ऐसा आयोजन करना बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, “मैं आयोजकों और इस पूरे आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहती हूं। अपने दादा स्वर्गीय चौधरी बाबूराम जी की स्मृति में इस तरह का आयोजन करना बहुत बड़ी बात है। मैं आयोजकों को सलाम करती हूं।”
गांव की प्रतिभाओं को मिलेगा सही मंच
निर्मल तंवर भाटी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। गांवों से लगातार बेहतरीन खिलाड़ी निकलकर सामने आते हैं, लेकिन कई बार उन्हें सही मार्गदर्शन और उचित अवसर नहीं मिल पाता। ऐसे टूर्नामेंट ग्रामीण युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकते हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से गांव के बच्चों को प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर भी मिलेगा। प्रतिभावान खिलाड़ी इसी तरह के मंचों से अपनी पहचान बनाकर बड़े स्तर तक पहुंच सकते हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी भविष्य में अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने आयोजकों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए इस प्रकार के खेल आयोजनों को लगातार बढ़ावा दिया जाना चाहिए।


