ऐच्छर गांव से शुरू हुआ ‘मैदान बचाओ, खेल बचाओ’ जनजागरण अभियान
क्षेत्रीय खेल परिसर सेक्टर-37 में हॉकी स्टेडियम निर्माण का विरोध, युवाओं ने कहा—खेल मैदान नहीं छिनने देंगे
सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, जो नेता युवाओं की पुकार नहीं सुनेगा, आगामी चुनावों में होगा बहिष्कार : खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति
ग्रेटर नोएडा। क्षेत्रीय खेल परिसर, सेक्टर-37 ग्रेटर नोएडा में दर्जनों खेलों एवं सरकारी नौकरियों की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए उपयोगी रनिंग ट्रैक को बंद कर वहां हॉकी स्टेडियम बनाए जाने के प्रस्ताव के विरोध में ‘खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति’ ने जनजागरण अभियान की शुरुआत ऐच्छर गांव से की।
अभियान के तहत समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने ऐच्छर गांव के ग्रामीणों से मुलाकात कर खेल मैदान से जुड़ी समस्याओं और स्थानीय लोगों की चिंताओं को सुना। ग्रामीणों ने एकमत होकर कहा कि क्षेत्रीय खेल परिसर का मैदान बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों एवं महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण है। यहां बड़ी संख्या में युवा खेलों के साथ-साथ सरकारी नौकरियों की तैयारी भी करते हैं।
समिति एवं ग्रामवासियों ने स्पष्ट किया कि खेल मैदान को समाप्त कर हॉकी स्टेडियम बनाए जाने का फैसला वापस नहीं लिया गया तो गांव-गांव और सेक्टर-सेक्टर जाकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, आगामी चुनावों में सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के उन सभी जनप्रतिनिधियों के बहिष्कार का आह्वान किया जाएगा, जो युवाओं की आवाज और खेल मैदान बचाने की मुहिम का समर्थन नहीं करेंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किसान अनिल नागर ने कहा कि जिस जमीन पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा हॉकी स्टेडियम बनाए जाने की बात कही जा रही है, उसकी एवज में किसानों के 10 प्रतिशत भूखंड एवं मुआवजा/प्रतिकर से संबंधित मांगें अभी तक लंबित हैं। ऐसे में किसानों की समस्याओं का समाधान किए बिना निर्माण कार्य आगे बढ़ाना उचित नहीं है।
किसान विक्रम भाटी ने कहा कि क्षेत्रीय खेल परिसर में गांव के अनेक बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं नियमित रूप से आते हैं। किशोर एवं युवा यहां खेलों के साथ सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए रनिंग करते हैं। यदि मैदान की गतिविधियां बंद कर दी गईं तो क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि प्राधिकरण को युवाओं एवं क्षेत्रवासियों की मांग को गंभीरता से सुनना चाहिए और क्षेत्रीय खेल परिसर में हॉकी स्टेडियम बनाने के निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए। समिति ने चेतावनी दी कि यदि प्राधिकरण ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो जनजागरण अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
समिति ने कहा कि यह अभियान किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि खेल मैदानों, युवाओं के भविष्य और क्षेत्र के नागरिकों के अधिकारों को बचाने के लिए है। समिति का स्पष्ट संदेश है—
“मैदान बचाओ… खेल बचाओ!”
“युवाओं की पुकार सुनो, खेल मैदान बचाओ!”
“जो मैदान नहीं बचाएगा, चुनाव में जनता उसे जवाब देगी!”
बैठक में ऐच्छर गांव से किसान विक्रम भाटी, बलराम भाटी, अनिल नागर, आशीष नागर, सोनू नागर, परवीन भाटी सहित खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य एवं क्षेत्र के अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
— खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति
क्षेत्रीय खेल परिसर, सेक्टर-37, ग्रेटर नोएडा
जय हिंद। जय भारत।


