एनटीपीसी दादरी में हिंदी दिवस पर हिंदी पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ
कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का लिया गया संकल्प
दादरी, एनटीपीसी दादरी में हिंदी दिवस के अवसर पर सोमवार को हिंदी पखवाड़ा-2026 के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमडी, एनटीपीसी के संदेश का जीएम (ओएंडएम) द्वारा वाचन कर किया गया।
इस अवसर पर श्री ए.के. मिश्र, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी दादरी ने अपना हिंदी संदेश प्रस्तुत किया। उन्होंने कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी भाषा का अधिकाधिक प्रयोग करने की अपील की। साथ ही, उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने तथा हिंदी के अधिकाधिक उपयोग का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में एनटीपीसी दादरी के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
14 से 28 सितंबर तक आयोजित होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
एनटीपीसी दादरी में हिंदी पखवाड़ा 14 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक मनाया जा रहा है। इस दौरान हिंदी के प्रचार-प्रसार, प्रयोग एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत हिंदी निबंध लेखन, वाद-विवाद, कविता पाठ, चित्र पहेली, प्रश्नोत्तरी, हिंदी ज्ञान प्रश्नोत्तरी, स्वरचित हिंदी कविता, पत्र लेखन, ऑनलाइन हिंदी क्विज तथा लोकगीत प्रतियोगिता सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन प्रतियोगिताओं में एनटीपीसी के कर्मचारी, विद्यार्थी एवं गृहिणियां उत्साहपूर्वक भाग लेंगी। प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने पर जोर
समारोह के दौरान वक्ताओं ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग न केवल राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक है, बल्कि इससे आमजन और कर्मचारियों के बीच संवाद भी अधिक सहज एवं प्रभावी बनता है।
एनटीपीसी दादरी द्वारा आयोजित हिंदी पखवाड़ा कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं गृहिणियों को हिंदी से जोड़ने और हिंदी के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


