किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर नोएडा प्राधिकरण पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू
अशोक भाटी बोले—समस्याओं का समाधान होने तक जारी रहेगा आंदोलन
नोएडा, किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, बुग्गियों एवं भैंसा-बुग्गियों के विशाल काफिले के साथ नोएडा प्राधिकरण पहुंचे। किसानों ने सलारपुर शिव मंदिर, सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन से काफिले के रूप में प्रस्थान कर प्राधिकरण कार्यालय पर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्राधिकरण परिसर में आयोजित किसान पंचायत की अध्यक्षता चौधरी ओमन भाटी ने की, जबकि संचालन महेश खटाना ने किया। पंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
सीईओ की अनुपस्थिति से नहीं हो सकी वार्ता
किसानों की समस्याओं को लेकर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश के साथ वार्ता प्रस्तावित थी, लेकिन उनकी अनुपस्थिति के कारण किसानों और प्राधिकरण के बीच वार्ता नहीं हो सकी। इससे किसानों में नाराजगी फैल गई। इसके बाद किसानों ने प्राधिकरण कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
समाधान होने तक जारी रहेगा धरना : अशोक भाटी
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान होने तक धरना लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नोएडा की स्थापना के 50 वर्ष बाद भी वर्ष 1976 से किसानों की अनेक समस्याएं लंबित हैं। किसानों को लगातार आश्वासन दिए जाते रहे हैं, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसान अब अपनी मांगों को लेकर किसी भी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेंगे। यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो गौतमबुद्ध नगर की धरती से बड़े किसान आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।
अशोक भाटी ने कहा कि किसानों की जमीन, मुआवजा, आबादी एवं अन्य लंबित मुद्दों को लेकर किसान लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। प्रशासन और प्राधिकरण को किसानों की भावनाओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद
धरने और किसान पंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी, परविंदर अवाना, श्रीपाल कसाना, सुखवीर प्रधान, सुभाष नेताजी, रविंद्र भगत, नीतिराज चौधरी, विपिन प्रधान, कृपाल भगत, सिंहराज गुर्जर, मनोज त्यागी, राजेश सिंह, सुंदर बाबा, संदीप अवाना, अनिल खारी, भरत यादव, अनिल अवाना, अमित अवाना, संजय अम्बावता, रविंद्र भाटी, प्रदीप भाटी, सचिन अवाना सहित हजारों किसान उपस्थित रहे।
किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी लंबित समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक नोएडा प्राधिकरण पर अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।


