किसानों की मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना: चौधरी राकेश टिकैत
भारतीय किसान यूनियन की किसान महापंचायत में उमड़ा जनसैलाब
किसानों ने एकजुट होकर अपनी मांगें रखीं, आंदोलन को और तेज करने की दी चेतावनी
गौतमबुद्धनगर,
भारतीय किसान यूनियन द्वारा आयोजित किसान महापंचायत में आज जिले के सैकड़ों गांवों से हजारों की संख्या में किसान, महिलाएं एवं युवा शामिल हुए। महापंचायत को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने संबोधित किया। इस दौरान किसानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठाई और प्रशासन एवं सरकार से तत्काल समाधान की मांग की।
महापंचायत के बाद असल गोल्फ क्षेत्र से हजारों किसान पैदल मार्च करते हुए यमुना प्राधिकरण के सामने मुख्य मार्ग पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन की सख्ती एवं किसानों को रोकने के प्रयासों से नाराज किसान सड़क पर ही बैठ गए और प्रशासन तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों के सड़क पर बैठने के बाद मौके पर आंदोलन जैसी स्थिति बन गई।
किसानों को संबोधित करते हुए चौधरी राकेश टिकैत ने स्पष्ट कहा कि “जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक धरना जारी रहेगा।” उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। प्राधिकरणों द्वारा बार-बार आश्वासन दिए गए, लेकिन किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि किसान अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट होने वाला नहीं है और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किसानों ने प्रमुख मांगों को लेकर बुलंद की आवाज
महापंचायत में किसानों ने एक सुर में अपनी प्रमुख मांगें प्रशासन के सामने रखीं—
- किसानों को 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा, 10 प्रतिशत किसान कोटे के प्लॉट तथा आबादी निस्तारण का कार्य तत्काल पूरा किया जाए।
- क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाई जाए।
- नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए तथा बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लिया जाए।
- किसानों की जमीनों के गलत तरीके से किए गए अधिग्रहण को लेकर प्रशासन अपनी नीति स्पष्ट करे।
- जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
- भूमिहीन किसानों को 120 वर्गमीटर के प्लॉट दिए जाएं।
किसानों ने कहा कि उनकी मांगें केवल आर्थिक हितों से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि उनके भविष्य, रोजगार, आवास एवं सम्मान से भी संबंधित हैं। किसानों ने प्रशासन से मांगों पर तत्काल निर्णय लेकर धरना समाप्त कराने की दिशा में ठोस पहल करने की अपील की।
चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने किसानों से एकजुट रहने और शांतिपूर्ण ढंग से अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का आह्वान किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
महापंचायत में राजपाल शर्मा, अनुज भाई, राजवीर लवानिया, पवन खटाना, अनित कसाना, मटरू नागर, सुरेंद्र नागर, बेली भाटी, शमशाद सैफी, अकबर अली, सुनील प्रधान, योगेश भाटी, राजीव मलिक, बलजीत नागर, रॉबिन नागर, भगत सिंह प्रधान, विनोद शर्मा, इंद्रेश चेची, सुंदर खटाना, पवन नागर, संदीप खटाना, कोशिंदर खटाना सहित हजारों पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।


