21 सितंबर को प्राधिकरण बंद कराने का किसानों ने किया ऐलान
10 प्रतिशत विकसित भूखंड, नए भूमि अधिग्रहण कानून और आबादियों के निस्तारण की मांग को लेकर किसान संघर्ष मोर्चा का आंदोलन सातवें दिन भी जारी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में किसानों का धरना प्रदर्शन सातवें दिन भी लगातार जारी रहा। धरने में सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया और अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते हुए शासन एवं प्राधिकरण के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने की अध्यक्षता जयप्रकाश आर्य ने की, जबकि संचालन किसान सभा के महासचिव संदीप भाटी ने किया।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा किसानों का संघर्ष : सोरन प्रधान
किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान ने कहा कि जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक किसान प्राधिकरण से नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि किसान अपने अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ रहे हैं और मांगों के समाधान तक यह आंदोलन जारी रहेगा। किसानों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
10 प्रतिशत विकसित भूखंड और नए कानून के मुद्दे पर आर-पार की लड़ाई : उधर लारिया
भारतीय किसान परिषद के नेता उधर लारिया ने कहा कि किसानों की लड़ाई मुख्य रूप से 10 प्रतिशत विकसित भूखंड, नए भूमि अधिग्रहण कानून के प्रावधानों को लागू करने तथा आबादियों के निस्तारण के मुद्दे पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण और शासन किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर अब लड़ाई निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। यदि प्राधिकरण किसानों की बात नहीं सुनेगा तो किसान भी प्राधिकरण को सुचारु रूप से नहीं चलने देंगे।
दो प्रमुख प्रस्ताव पास, शासन स्तर पर अनुमोदन बाकी : डॉ. रुपेश वर्मा
किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि आंदोलन के पहले चरण में किसानों के 10 प्रतिशत विकसित भूखंड और नए कानून से संबंधित प्रस्ताव पास करवाए जा चुके हैं। अब शासन स्तर पर दोनों प्रस्तावों का अनुमोदन होना शेष है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि किसान अपने अधिकारों को लेकर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे और हर हाल में अपने हक हासिल करके ही दम लेंगे।
किसानों के हितों की अनदेखी कर रहे जनप्रतिनिधि : वीर सिंह नगर
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नगर ने कहा कि जनप्रतिनिधि केवल अपने स्वार्थ में लगे हुए हैं और उन्हें किसानों के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। किसान संघर्ष मोर्चा पूरी गंभीरता और मजबूती के साथ किसानों की लड़ाई लड़ रहा है तथा आगे भी संघर्ष जारी रखेगा।
समाजवादी पार्टी ने दिया किसानों के आंदोलन को पूर्ण समर्थन
धरने को समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी ने भी संबोधित किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी की ओर से किसानों के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों के संघर्ष के साथ मजबूती से खड़ी है। किसानों के अधिकारों की लड़ाई में पार्टी हर संभव सहयोग करेगी।
21 सितंबर को प्राधिकरण बंद कराने की घोषणा
किसान संघर्ष मोर्चा ने ऐलान किया कि यदि 21 सितंबर तक किसानों की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 21 सितंबर को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को बंद कराया जाएगा। किसानों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। शासन एवं प्राधिकरण को किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान करना होगा।
धरने में बड़ी संख्या में किसान एवं किसान नेता रहे मौजूद
आज के धरना प्रदर्शन में गीता भाटी, रीना भाटी, पूनम भाटी, तिलक देवी, अशोक भाटी, गुरप्रीत एडवोकेट, भगत सिंह एडवोकेट, उम्मीद त्यागी, प्रवीण चौहान, बुधपाल यादव, सुरेश यादव, गवरी मुखिया, दुष्यंत सेन सहित बड़ी संख्या में किसान एवं किसान नेता उपस्थित रहे।
किसान संघर्ष मोर्चा ने कहा कि किसानों की एकता और संघर्ष के बल पर उनकी मांगों को पूरा कराया जाएगा।


