मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा किसानों का आंदोलन, समाधान के बाद ही होगी घर वापसी : अशोक भाटी
नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ भाकियू का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी, 81 गांवों के प्रतिनिधियों ने बैठक में रखीं समस्याएं
नोएडा, नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी लगातार जारी रहा। भाकियू गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में आयोजित धरने में बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण, कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते हुए स्पष्ट किया कि समस्याओं के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।
मांगें पूरी होने पर ही होगी घर वापसी : अशोक भाटी
धरनास्थल पर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए भाकियू के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि नोएडा के किसानों और ग्रामीणों की मांगें पूरी होने के बाद ही हमारी घर वापसी होगी। समस्याओं के समाधान तक धरना निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि किसान अपने अधिकारों को लेकर पूरी मजबूती के साथ संघर्ष कर रहे हैं। प्राधिकरण एवं शासन को किसानों की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका स्थायी समाधान करना चाहिए। किसानों की मांगों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
81 गांवों के प्रतिनिधियों ने रखीं समस्याएं, आंदोलन की रणनीति पर चर्चा
धरनास्थल पर आयोजित बैठक में नोएडा क्षेत्र के 81 गांवों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिनिधियों ने अपने-अपने गांवों की समस्याओं से संगठन के पदाधिकारियों को अवगत कराया। बैठक में किसानों एवं ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे की रणनीति तैयार की गई।
साथ ही, सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। धरनास्थल से ही किसानों एवं ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने तथा आगामी पंचायत की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विद्युत आपूर्ति बंद होने पर किसानों में आक्रोश, विरोध के बाद बहाल हुई बिजली
धरने के दौरान प्राधिकरण द्वारा धरनास्थल की विद्युत आपूर्ति बंद किए जाने पर किसान एवं कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताई। आंदोलनकारियों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से कहा कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे हैं। आंदोलन में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करना उचित नहीं है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि धरने में बाधा डालने का प्रयास किया गया तो किसान कठोर निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र होंगे। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर स्थान बदलकर भी आंदोलन जारी रखना किसान जानते हैं।
कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद अधिकारियों ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी।
किसानों की समस्याओं के समाधान तक संघर्ष रहेगा जारी
भाकियू पदाधिकारियों ने कहा कि नोएडा के किसानों एवं ग्रामीणों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। किसान लगातार अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अभी तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है। संगठन ने कहा कि किसानों की एकजुटता के साथ आंदोलन को और मजबूती दी जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी पंचायत एवं आंदोलन की रूपरेखा को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान अपनी मांगों को लेकर एकजुट हो सकें।
धरने में बड़ी संख्या में किसान एवं पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी, एकलव्य सिंह सहारा, श्रीपाल कसाना, विपिन प्रधान, रविंद्र भगत, सिंहराज गुर्जर, योगेश भाटी, सोमेश भारद्वाज, रविंद्र कसाना, धर्मेंद्र चपराना, रिकी प्रधान, मदन भाटी, सचिन अवाना, प्रमोद टाइगर, सुधीर भाटी, राकेश नंबरदार सहित बड़ी संख्या में किसान, कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भारतीय किसान यूनियन ने दोहराया कि किसानों की मांगों का समाधान होने तक आंदोलन पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।


