कबड्डी में ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल की शानदार उपलब्धि, अब नेशनल पर नजर
हर बच्चे के अंदर प्रतिभा, विद्यालय का काम उसे पहचानकर निखारना- नूतन भाटी
ग्रेटर नोएडा। ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, पीपलका की कबड्डी टीम द्वारा सीबीएसई क्लस्टर-19 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर चैंपियन बनने के बाद विद्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की मैनेजिंग डायरेक्टर नूतन भाटी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नूतन भाटी ने कहा कि बागपत में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर कबड्डी प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी बच्चों ने क्लस्टर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और उसी समय खिलाड़ियों ने ग्राउंड पर यह संकल्प लिया था कि अगले वर्ष वे क्लस्टर चैंपियनशिप जीतकर विद्यालय को नेशनल स्तर तक पहुंचाएंगे। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन से इस संकल्प को पूरा किया है।
उन्होंने कहा कि बच्चों में इस उपलब्धि को लेकर काफी उत्साह और मोटिवेशन है तथा उन्हें विश्वास है कि यही खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
नूतन भाटी ने कहा कि हर बच्चा प्रतिभावान होता है। किसी बच्चे में खेल की प्रतिभा होती है तो कोई शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर करता है। विद्यालय की जिम्मेदारी है कि बच्चों की रुचि, प्रतिभा और क्षमता को पहचानकर उसे सही दिशा में निखारा जाए। ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल इसी उद्देश्य के साथ लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान या शैक्षणिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालय की अलग-अलग शाखाओं में अलग-अलग खेलों में बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है। पीपलका ब्रांच में कबड्डी, खेड़ा ब्रांच में शतरंज और सिरसा ब्रांच में वॉलीबॉल में विद्यार्थियों ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
नूतन भाटी ने खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे विद्यालय में निर्धारित समय के अलावा भी खेल के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं। विद्यालय के बाद वे गांव में जाकर नियमित अभ्यास करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से कोच तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य का धन्यवाद किया, जिन्होंने बच्चों को विद्यालय में अभ्यास के लिए अतिरिक्त समय उपलब्ध कराया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने बताया कि खेलों में भाग लेने के कारण यदि विद्यार्थियों की किसी विषय की कक्षा छूट जाती है, तो विद्यालय की ओर से उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षकों द्वारा संबंधित शैक्षणिक सामग्री और कक्षा का कार्य बच्चों तक उपलब्ध कराया जाता है। इस प्रकार खेल और शिक्षा दोनों के बीच संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
मैनेजिंग डायरेक्टर नूतन भाटी ने अंत में सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय को अपने इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पर गर्व है और उन्हें उम्मीद है कि ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल की कबड्डी टीम राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।


