यीडा के विकास मॉडल और औद्योगिक प्रगति ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में खींचा लोगों का ध्यान
एक्सपोमार्ट में यीडा के स्टाल पर 25 वर्षों की विकास यात्रा का प्रदर्शन, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सहित प्रमुख परियोजनाओं के मॉडल प्रदर्शित
ग्रेटर नोएडा। एक्सपोमार्ट, ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) द्वारा हॉल नंबर-03 में विशेष स्टाल लगाया गया है। इस स्टाल के माध्यम से यीडा की 25 वर्षों की विकास यात्रा, औद्योगिक प्रगति, निवेश और आगामी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
यीडा के स्टाल में प्राधिकरण के फेज-1, मास्टर प्लान-2041 का आकर्षक मॉडल स्थापित किया गया है, जिसमें प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों और प्रमुख कनेक्टिविटी को दर्शाया गया है। इसके साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया है, जो आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
स्टाल में पोस्टर्स के माध्यम से पिछले एक वर्ष में हुए प्रमुख औद्योगिक आवंटन, प्राधिकरण क्षेत्र में आए निवेश तथा औद्योगिक विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा इंटरनेशनल फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, मेडिकल डिवाइसेज पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, लॉजिस्टिक पार्क और हेरिटेज सिटी जैसी प्रमुख योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रस्तावित नई योजनाओं की भी दी जा रही जानकारी
यीडा के स्टाल पर भविष्य की प्रस्तावित योजनाओं को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है। इनमें जापान सिटी सेक्टर-5ए, कोरियन सिटी सेक्टर-4ए, सिंगापुर सिटी सेक्टर-7, ताइवान सिटी सेक्टर-6, प्रस्तावित इंटरनेशनल स्टेडियम सेक्टर-23डी, प्रस्तावित आईएसबीटी सेक्टर-23सी तथा सेक्टर-13 और 14 में प्रस्तावित मेडिकल हब प्रमुख हैं।
औद्योगिक विकास मंत्री ने किया स्टाल का उद्घाटन
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान औद्योगिक विकास मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने यीडा के स्टाल का उद्घाटन किया तथा प्रदर्शित विकास मॉडल और परियोजनाओं का अवलोकन किया। इस दौरान यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न उद्योगपतियों से संवाद कर उन्हें प्राधिकरण की औद्योगिक योजनाओं एवं निवेश की संभावनाओं से अवगत कराया।
सीईओ श्री राकेश कुमार सिंह ने आईआईडीसी श्री दीपक कुमार का स्टाल पर स्वागत किया तथा उन्हें प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी दी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अपर मुख्य सचिव उद्योग ने किया यीडा स्टाल का भ्रमण
आज श्री आलोक कुमार, अपर मुख्य सचिव, उद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं अध्यक्ष, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने एक्सपोमार्ट पहुंचकर यीडा के स्टाल का भ्रमण किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न विकास मॉडल, औद्योगिक योजनाओं और परियोजनाओं का अवलोकन किया।
इस अवसर पर डॉ. राकेश कुमार, चेयरमैन, आईईएमएल भी अध्यक्ष महोदय के साथ उपस्थित रहे।
यीडा का स्टाल ट्रेड शो में आने वाले उद्योगपतियों, निवेशकों, अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम आगंतुकों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग स्टाल पर पहुंचकर यीडा क्षेत्र में हो रहे औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचे के विकास तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी ले रहे हैं।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में यीडा की यह प्रस्तुति प्राधिकरण की औद्योगिक विकास यात्रा के साथ-साथ क्षेत्र में विकसित हो रहे आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और आगामी निवेश अवसरों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी हुई है।


