UPITS 2026 के तीसरे दिन ‘लोकल से ग्लोबल’ की यात्रा को मिली नई रफ्तार, 2 लाख से अधिक आगंतुक पहुंचे
पीयूष गोयल ने वैश्विक बाजारों में भारतीय कारोबार के अवसरों पर दिया जोर, 6,700 B2B बैठकें और ₹2,000 करोड़ के अनुमानित कारोबारी मूल्य वाले 1,150 समझौते हुए
ग्रेटर नोएडा, चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) के तीसरे दिन रविवार को व्यापार, निवेश, निर्यात, वैश्विक बाजार और सांस्कृतिक गतिविधियों का शानदार संगम देखने को मिला। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित ट्रेड शो में शाम 5 बजे तक 2 लाख से अधिक आगंतुकों की उपस्थिति दर्ज की गई।
तीसरे दिन अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और प्रदर्शकों के बीच 6,700 B2B बैठकें आयोजित हुईं, जबकि 1,150 MoUs एवं व्यावसायिक समझौते हुए, जिनका अनुमानित कारोबारी मूल्य करीब 2,000 करोड़ रुपये बताया गया। इससे UPITS एक व्यापार प्रदर्शनी के साथ-साथ परिणामोन्मुखी बिजनेस और सोर्सिंग प्लेटफॉर्म के रूप में अपनी भूमिका को मजबूत करता दिखाई दिया।
पीयूष गोयल ने वैश्विक बाजारों में अवसरों पर डाला प्रकाश
तीसरे दिन का प्रमुख आकर्षण केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी रही। उन्होंने फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (FIEO) द्वारा आयोजित “वैश्विक व्यापार वृद्धि के लिए भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) का लाभ” विषयक नॉलेज सेशन में भाग लिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सत्र में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, MSME मंत्री भूपेंद्र चौधरी, MSME राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, MSME एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील, IEML के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार तथा FIEO के महानिदेशक एवं CEO डॉ. अजय सहाय सहित उद्योग एवं नीति क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
पीयूष गोयल ने अपने संबोधन में भारतीय व्यवसायों के लिए मुक्त व्यापार समझौतों से पैदा होने वाले अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने निर्यातकों और MSMEs से गुणवत्ता, प्रतिस्पर्धात्मकता और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की आवश्यकताओं पर ध्यान देते हुए व्यापार समझौतों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के मजबूत MSME आधार, विनिर्माण क्षमता, ODOP इकोसिस्टम, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और विकसित हो रहे औद्योगिक बुनियादी ढांचे को वैश्विक बाजारों में प्रदेश की क्षमता का आधार बताया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उत्तर प्रदेश को प्रतिस्पर्धी निवेश एवं निर्यात गंतव्य बनाने पर जोर
औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक इकोसिस्टम, बेहतर कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे का उल्लेख करते हुए राज्य को निवेश एवं निर्यात के लिए तेजी से उभरते गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया।
वहीं MSME मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने छोटे उद्यमों, कारीगरों, ODOP उत्पादकों और निर्माताओं को तकनीक, डिजिटल मार्केटप्लेस तथा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
FIEO के महानिदेशक एवं CEO डॉ. अजय सहाय ने निर्यातकों और MSMEs के लिए एक्सपोर्ट क्रेडिट, टेस्टिंग एवं सर्टिफिकेशन, विदेशी बाजारों में वेयरहाउसिंग तथा अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर में भागीदारी जैसी सुविधाओं के महत्व को रेखांकित किया।
डिजिटल मार्केटिंग से लेकर वुडक्राफ्ट और वेलनेस तक हुई चर्चा
UPITS 2026 के तीसरे दिन विभिन्न विषयों पर नॉलेज सेशंस आयोजित किए गए। MSME और Expo Bazaar के संयुक्त सत्र में ई-कॉमर्स, डिजिटल मार्केट एक्सेस और सप्लाई चेन सॉल्यूशंस पर चर्चा हुई।
Export Promotion Council for Handicrafts (EPCH) ने वुडक्राफ्ट सेक्टर में टिम्बर लीगलिटी, सस्टेनेबल सोर्सिंग और ग्लोबल मार्केट एक्सेस पर विचार-विमर्श किया। IEML की CSR पहल E-Nurture के अंतर्गत कारीगरों, बुनकरों और लघु-मध्यम उद्यमों के लिए माइक्रो ब्रांड बिल्डिंग विषय पर भी सत्र हुआ।
उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष विभाग द्वारा भारत की प्राचीन स्वास्थ्य प्रणाली, आधुनिक अनुसंधान एवं वैश्विक वेलनेस अवसरों पर विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र मुख्य अतिथि रहे।
शेफ हरपाल सिंह सोखी की मास्टर क्लास रही आकर्षण का केंद्र
ODOC के हॉल नंबर-16 में सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी की मास्टर क्लास ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने अपने पाक-कौशल और व्यंजनों से जुड़े अनुभवों को दर्शकों के साथ साझा किया। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के स्वाद, परंपरा और पाक विरासत की झलक देखने को मिली।
विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर हुई चर्चा
तीसरे दिन विद्यार्थियों की सहभागिता ने भी आयोजन में नई ऊर्जा भरी। Cyber Security & Road Safety सत्र में विद्यार्थियों ने ARTO यू.एन. पांडेय और ADCP अजय कुमार के साथ संवाद किया तथा सड़क सुरक्षा और साइबर जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।
Grads International School और Jaypee Public School, Greater Noida के विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। इसके बाद MIME और Battle of Bands जैसी प्रतियोगिताओं में Sparsh International School और Delhi Public School के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तर प्रदेश की लोक एवं शास्त्रीय कला की विविधता देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत पं. रवि शंकर उपाध्याय और पं. ऋषि शंकर उपाध्याय की पखावज जुगलबंदी से हुई।
इसके बाद रायबरेली की शीूलू सिंह राजपूत द्वारा आल्हा गायन, झांसी की वंदना कुशवाहा द्वारा राई लोकनृत्य, नोएडा की प्रियंवदा सिंह द्वारा कथक तथा सहारनपुर की रंजना नेब द्वारा नृत्य प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक संध्या का समापन नोएडा के सर्वत्र बैंड की प्रस्तुति के साथ हुआ।
UPITS 2026 अब अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। 29 सितंबर 2026 तक चलने वाले इस ट्रेड शो के दो दिन अभी शेष हैं, जहां देश-विदेश से आए खरीदारों, निवेशकों, उद्यमियों और आम आगंतुकों को उत्तर प्रदेश के उत्पादों, उद्योगों, संस्कृति और वैश्विक व्यापार क्षमता को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।


