27 अक्टूबर की गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने का आह्वान
तालकटोरा स्टेडियम दिल्ली में प्रस्तावित रैली में मेरठ से बड़ी संख्या में पहुंचने का संकल्प, शिक्षा, व्यवसाय और सामाजिक नेतृत्व में युवाओं की भागीदारी पर जोर
मेरठ, । मेरठ स्थित मेनशन होटल सभागार में संयुक्त गुर्जर परिसंघ के संयोजक भोपाल प्रधान द्वारा संवाद संगोष्ठी एवं महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता वीरेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन नवाब चपराना ने किया। बैठक में आगामी 27 अक्टूबर को सरदार पटेल जयंती के अवसर पर दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी उपस्थित रहे। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के.पी. सिंह कसाना, रामकेश चपराना, जगबीर दौला, कर्मवीर तोमर तथा गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सामाजिक एकता, शिक्षा, व्यवसाय और सामाजिक नेतृत्व में युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए युवा पीढ़ी को शिक्षा और रोजगार के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। बैठक में समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने भारत सरकार से 1857 की क्रांति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मेरठ के वीर सपूत कोतवाल धन सिंह गुर्जर को भारत रत्न प्रदान किए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में कोतवाल धन सिंह गुर्जर के योगदान और बलिदान को समाज सदैव याद रखता है तथा उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर उचित सम्मान मिलना चाहिए।
बैठक में उपस्थित सैकड़ों लोगों ने 27 अक्टूबर को मेरठ से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान सुप्रसिद्ध लोक गायक हरेंद्र नागर एवं बिशन सिंह महाशय ने रैली में भागीदारी के लिए प्रेरित करने वाले आह्वान गीत प्रस्तुत किए, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा।
बैठक में जगदीश गुर्जर, जितेंद्र प्रधान, सुमित प्रधान, नितिन प्रमुख, प्रवीण प्रधान, अश्विनी गुर्जर, कुलबीर पार्षद, डॉ. आदित्य गुर्जर, ललित चपराना, अमित प्रधान, गजेंद्र नागर, तहलका नागर, रविंद्र प्रधान, विनोद चेयरमैन, परविंदर चेयरमैन, अंकित गुर्जर, अर्पित गुर्जर, कौशल प्रधान, सुरेश प्रधान, योगेश कसाना, आदेश भाटी एवं सुशांत गुर्जर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


