जे.पी. नड्डा ने प्रज्वलित की सेवा ज्योति, इंडिया एक्सपो मार्ट से गुर्जर सेवा संस्थान तक निकली सेवा ज्योति यात्रा
गौतमबुद्धनगर,
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एवं सेंटर परिसर में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन ने देखा और सुना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा रहे। उनके साथ जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ लाइव प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। संबोधन में सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रकाश डाला गया। साथ ही विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
लाइव प्रसारण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और विकसित भारत के संकल्प के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
जे.पी. नड्डा ने प्रज्वलित की सेवा ज्योति
प्रधानमंत्री के संबोधन के प्रसारण के बाद केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने सेवा ज्योति प्रज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा से प्रारंभ होकर गुर्जर सेवा संस्थान, ग्रेटर नोएडा पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान सेवा, सुशासन, विकास एवं जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
‘25 वर्ष जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ पर आधारित प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम स्थल पर ‘25 वर्ष जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासपरक कार्यक्रमों और देश-प्रदेश की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई।
प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
जनभागीदारी से विकसित भारत के निर्माण का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से सेवा और जनकल्याण की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। विकसित भारत संकल्प सभा के माध्यम से सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से लोगों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया। सेवा ज्योति यात्रा ने भी जनसेवा और राष्ट्रसेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।


