ग्रेटर नोएडा में उद्योगों को CTE-CTO, वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों और DG सेट के मानकों की दी गई जानकारी

ग्रेटर नोएडा, 10 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB), क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेटर नोएडा एवं इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरणीय अनुपालन एवं उद्योग जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। IBA के मुख्यालय, प्लॉट नंबर 18, सेक्टर-31, इकोटेक-1, ग्रेटर नोएडा में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से 70 से अधिक उद्यमियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य उद्योगों को पर्यावरणीय नियमों, नवीनतम दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों के अनुपालन के प्रति जागरूक करना रहा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, ग्रेटर नोएडा के क्षेत्रीय अधिकारी विकास मिश्रा एवं उनकी तकनीकी टीम ने उद्यमियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों और औद्योगिक इकाइयों में आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस दौरान रंजीत सिंह, विवेक कुमार, राजेन्द्र कुमार एवं अजीत श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।
उद्योगों को पर्यावरणीय अनुपालन की दी गई विस्तृत जानकारी
कार्यशाला में उद्योगों की व्हाइट, ग्रीन, ऑरेंज एवं रेड श्रेणियों, स्थापना की सहमति (Consent to Establish-CTE) और संचालन की सहमति (Consent to Operate-CTO) की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों, स्क्रबर, बैग फिल्टर, डस्ट कलेक्टर और चिमनी सहित विभिन्न औद्योगिक उपकरणों के उचित उपयोग एवं रखरखाव की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बॉयलर, फर्नेस, ओवन, हीट ट्रीटमेंट, पाउडर कोटिंग और इलेक्ट्रोप्लेटिंग जैसी औद्योगिक प्रक्रियाओं से संबंधित पर्यावरणीय मानकों पर भी प्रकाश डाला। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के दिशा-निर्देशों और उद्योगों में वायु प्रदूषण को कम करने के प्रभावी उपायों के बारे में उद्यमियों को जागरूक किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
DG सेट और प्रदूषण नियंत्रण मानकों पर हुई चर्चा
कार्यशाला में DG सेट से संबंधित दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि जनरेटर सेट के लिए लागू क्षमता-आधारित प्रावधानों, उत्सर्जन मानकों, चिमनी की निर्धारित ऊंचाई, ध्वनि नियंत्रण और एकॉस्टिक एनक्लोजर से जुड़े नियमों का पालन आवश्यक है। संबंधित प्रावधानों के अनुसार आवश्यक अनुमतियों और तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी भी साझा की गई।
इसके अतिरिक्त निरीक्षण के दौरान आवश्यक दस्तावेज, प्रदूषण नियंत्रण प्रणालियों का सही संचालन, सामान्य तकनीकी त्रुटियां, विभागीय नोटिस और पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति जैसे विषयों पर चर्चा की गई। उद्यमियों ने अपनी औद्योगिक इकाइयों से जुड़ी तकनीकी एवं कानूनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिनका टीम ने विस्तारपूर्वक समाधान किया।
उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग से संपर्क करने की अपील
क्षेत्रीय अधिकारी विकास मिश्रा ने IBA की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का उद्देश्य उद्योगों को पर्यावरणीय नियमों के प्रति जागरूक करना और निर्धारित मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने उद्यमियों से अपील की कि वे किसी भी तकनीकी या पर्यावरणीय समस्या के समाधान के लिए विभाग से संपर्क करें। उन्होंने भविष्य में भी IBA के सहयोग से ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की।
IBA नियमित रूप से आयोजित करेगा जागरूकता कार्यक्रम
IBA के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक औद्योगिक इकाई के लिए पर्यावरणीय नियमों की सही जानकारी और समय पर उनका अनुपालन बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि IBA उद्योगों के हितों की रक्षा करने और उद्यमियों को नवीनतम सरकारी नियमों एवं दिशा-निर्देशों से अवगत कराने के लिए विभिन्न विभागों के सहयोग से समय-समय पर जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
उन्होंने सभी उद्यमियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी औद्योगिक और सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए निर्धारित नियमों का पालन करने का आह्वान किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में IBA के महासचिव सुनील दत्त शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा, उपाध्यक्ष अजय राणा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, संयुक्त सचिव विकास राय, सेक्टर सचिव वीरेन्द्र प्रताप रावल, कार्यकारिणी सदस्य सिमरन खत्री, संजय पंचाल, हर्ष कुमार, विमलेश कुमार, सन्नी कुमार, संजय त्यागी, मुकेश कुमार, पूरन कुमार एवं राहुल नम्बरदार उपस्थित रहे। इनके अलावा IBA के वरिष्ठ सदस्य जेद रहमान तथा सदस्य डॉ. चंचल कुमार वार्ष्णेय, चरणजीत सिंह सलूजा, अनूप कुमार सिंह सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।


