सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, नुक्कड़ नाटक के जरिए बच्चों ने दिया प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का संदेश; प्रतिभागी बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को किया सम्मानित
ग्रेटर नोएडा। रामाज्ञा स्कूल, ग्रेटर नोएडा में वार्षिक उत्सव एवं ‘उमंग दिवाली मेला-2026’ का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रचनात्मक प्रतिभा से उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय एवं संगठन के संस्थापक सदस्य आलोक नागर उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा, जिसमें पटाखों से होने वाले प्रदूषण के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का संदेश दिया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मेले में खानपान, खेलकूद और खरीदारी के लिए विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। बच्चों और अभिभावकों ने मेले में पहुंचकर विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए उन्हें समय-समय पर ऐसे मंच उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। रामाज्ञा स्कूल शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में संस्कार, रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता विकसित करने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
आलोक नागर ने कहा कि बच्चों की शानदार प्रस्तुतियां स्कूल की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संस्कार और शिक्षकों की मेहनत को दर्शाती हैं। विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला नुक्कड़ नाटक सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ शिक्षकों और अभिभावकों को भी सम्मानित करना एक अच्छी पहल है, इससे सभी का उत्साह और मनोबल बढ़ता है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्कूल की प्रधानाचार्या श्रेष्ठता त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकगण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना तथा उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने प्रधानाचार्या श्रेष्ठता त्रिपाठी एवं समस्त शिक्षक स्टाफ को शानदार आयोजन के लिए बधाई दी। साथ ही प्रतिभागी बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर स्कूल के समस्त शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।


