समाधान नहीं हुआ तो ट्रैक्टरों के साथ तहसील परिसर में होगा आंदोलन: मनोज मावी
दादरी, गौतम बुद्ध नगर | 3 नवंबर 2026।
किसानों एवं ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने मंगलवार को दादरी तहसील स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का नेतृत्व भाकियू के दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने किया, जबकि अध्यक्षता गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से मुद्दे उठाए गए। इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से अनिल कुमार, विद्युत विभाग से राजकुमार मौर्य, विकास खंड से फनीस कुमार, उप जिलाधिकारी अरुण कुमार, लोक निर्माण विभाग से प्रमोद शर्मा, तहसीलदार कृष्ण चौरसिया सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने नए भूमि अधिग्रहण कानून के तहत किसानों को उचित मुआवजा दिलाने, विद्युत विभाग में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर रोक लगाने, टूटी एवं जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने की मांग उठाई। इसके अलावा गांवों के तालाबों का सौंदर्यीकरण, किसानों की आवश्यकता के अनुसार फुट ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण, दाखिल-खारिज संबंधी समस्याओं का निस्तारण तथा मूल एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही परेशानियों को भी अधिकारियों के सामने रखा।
अशोक भाटी ने गांवों में मकान निर्माण के नाम पर नोटिस जारी कर कथित अवैध वसूली किए जाने और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विभिन्न विभागों में सामने आ रही अनियमितताओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने समस्याओं के निस्तारण के लिए 15 दिन का समय मांगा। इस पर दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भारतीय किसान यूनियन ट्रैक्टरों के साथ दादरी तहसील परिसर में पहुंचकर आंदोलन करेगी।
बैठक के अंत में किसानों एवं ग्रामीणों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी अरुण कुमार को सौंपा गया।
इस अवसर पर विपिन प्रधान, सिंहराज गुर्जर, परविंदर गुर्जर, रामकेश भाटी, जगत अवाना, सचिन अवाना, राजा चौधरी, आजाद चौधरी, मनित नागर, धीरेंद्र भाटी टीनू, विकास भाटी, अभिषेक कसाना, सुदर्शन शर्मा सहित भाकियू के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


