दीपावली पर औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर IBA अलर्ट, पुलिस प्रशासन और UPSIDA के साथ हुई अहम बैठक
बंद फैक्ट्रियों की सुरक्षा, पुलिस गश्त बढ़ाने और CCTV कैमरे लगाने पर हुआ मंथन, श्रमिकों के वेतन एवं दीपावली बोनस को समय पर देने पर भी दिया जोर
ग्रेटर नोएडा, 
दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने तथा औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), ग्रेटर नोएडा की ओर से साइट-5 एवं EPIP औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों, पुलिस प्रशासन, UPSIDA और श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ADCP श्री संतोष कुमार ने की। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, श्रमिकों के हितों और त्योहार के दौरान बंद रहने वाली औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से डॉ. रवि शंकर मिश्रा, ACP-3, श्री प्रदीप शर्मा, SHO कासना तथा श्री हर्षवर्धन, सब-इंस्पेक्टर एवं चौकी प्रभारी साइट-5 उपस्थित रहे। UPSIDA की ओर से श्री अनिल शर्मा, रीजनल मैनेजर, गौतम बुद्ध नगर एवं श्री एन.के. जैन, अधिशासी अभियंता शामिल हुए। वहीं श्रम विभाग की ओर से श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री जय प्रकाश सिंह ने सहभागिता की।
IBA की ओर से उपाध्यक्ष श्री राजेश खन्ना, जॉइंट सेक्रेटरी श्री विकास राय, सेक्टर सेक्रेटरी (साइट-5) श्री वीरेंद्र प्रताप रावल एवं वरिष्ठ सदस्य श्री आकाश अश्वथी सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। बैठक में साइट-5 एवं EPIP औद्योगिक क्षेत्र के वरिष्ठ उद्यमियों में श्री प्रमोद झा तथा PPAP Automotive से श्री सुनील कुमार दीक्षित सहित अनेक उद्यमियों ने अपने सुझाव रखे।
बंद फैक्ट्रियों की सुरक्षा पर विशेष जोर
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में विशेष रूप से इस विषय पर चिंता व्यक्त की गई कि दीपावली के अवसर पर लंबी छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में श्रमिक अपने गृह जनपद चले जाते हैं और कई औद्योगिक इकाइयां अस्थायी रूप से बंद रहती हैं। ऐसे में औद्योगिक परिसरों में चोरी, आगजनी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।
इस संबंध में औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील एवं अपराध प्रभावित स्थानों की पहचान करने, आवश्यकतानुसार नए CCTV कैमरे स्थापित कराने तथा फैक्ट्री प्रबंधन एवं सुरक्षा गार्डों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देने जैसे महत्वपूर्ण सुझावों पर चर्चा की गई। साथ ही पुलिस प्रशासन, UPSIDA और उद्यमियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
श्रमिकों के वेतन और बोनस को लेकर भी हुई चर्चा
बैठक में श्रमिकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें समय पर वेतन एवं दीपावली बोनस का भुगतान सुनिश्चित करने का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा श्रमिकों की छुट्टियों, आवागमन और त्योहार के दौरान औद्योगिक इकाइयों में कामकाज की व्यवस्था को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय और सतर्कता की आवश्यकता पर बल दिया।
IBA ने सुरक्षित औद्योगिक वातावरण के लिए जताई प्रतिबद्धता
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) का उद्देश्य है कि दीपावली का पर्व सभी उद्यमियों, श्रमिकों एवं औद्योगिक इकाइयों के लिए सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान और उसके बाद औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने तथा औद्योगिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित रखने के लिए पुलिस प्रशासन, UPSIDA, श्रम विभाग और उद्यमियों के बीच समन्वय बेहद आवश्यक है।
IBA ने सभी औद्योगिक इकाइयों से अपील की कि वे त्योहार के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित पुलिस अधिकारियों को दें।


