किसान एकता महासंघ ने धूमधाम से मनाया द्वितीय स्थापना दिवस, रक्तदान शिविर में सैकड़ों लोगों ने किया रक्तदान
दनकौर में आयोजित समारोह में कई राज्यों के पदाधिकारियों ने लिया हिस्सा, किसान संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, मीडिया कर्मियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का किया सम्मान
दनकौर। किसान एकता महासंघ ने रविवार, 15 नवंबर को किसान आदर्श इंटर कॉलेज, दनकौर के प्रांगण में अपना द्वितीय स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया। कार्यक्रम का आयोजन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना के सानिध्य में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुन्नीलाल भगत ने की, जबकि मंच संचालन अरविंद सेक्रेटरी ने किया।
संगठन के राष्ट्रीय प्रभारी पप्पू प्रधान ने बताया कि 15 नवंबर को किसान एकता महासंघ के गठन के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कई राज्यों से संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
समारोह के दौरान संगठन की ओर से मीडिया कर्मियों, सामाजिक संगठनों, क्षेत्र के दो दर्जन किसान संगठनों के पदाधिकारियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों का मोमेंटो, अंगवस्त्र और फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में महाशय बेगराज नागर एवं उनकी टीम ने ऐतिहासिक रागनियों की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। वहीं, सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए संगठन की ओर से रक्तदान शिविर एवं निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर रक्तदान के महत्व को बताते हुए लोगों को मानव सेवा के लिए आगे आने का संदेश दिया गया।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश कसाना ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों, किसान संगठनों के प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों से पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ किसान, गरीब, मजदूर, असहाय एवं शोषित वर्ग के लोगों की मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसानों और जरूरतमंद लोगों की आवाज को मजबूती से उठाना तथा उनके अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करना है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम में रमेश कसाना, पप्पू प्रधान, रामानंद कसाना, प्रवीण पहलवान, देवेंद्र सोमवंशी, अमित नागर, मास्टर इंद्रपाल सिंह, अरविंद सेक्रेटरी, संजीव चौधरी, अजय कुमार, राजवीर अधाना, बृजेश मिश्रा, सावित्री देवी, आनंद मावी, मोनू गुर्जर, उषा तोमर, दीपक नागर, प्रदीप कसाना, जोगिंदर कसाना सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
समारोह का समापन संगठन की एकजुटता, सामाजिक सेवा और किसानों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष के संकल्प के साथ हुआ।


