जनगणना-2027: नोएडा में स्वगणना अभियान का शुभारंभ, सांसद डॉ. महेश शर्मा और सीईओ ने परिवार सहित ऑनलाइन दर्ज कराई अपनी जानकारी
30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन कर सकेंगे स्वगणना, नोएडा में जनगणना कार्य के लिए 2,350 प्रगणक और 364 सुपरवाइजर तैनात
नोएडा। जनगणना-2027 के तहत नोएडा में सोमवार, 16 नवंबर 2026 से स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान का विधिवत शुभारंभ हो गया। अभियान की शुरुआत पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा तथा नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने स्वयं एवं अपने परिवार की जानकारी भारत सरकार के आधिकारिक जनगणना पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करके की। इस अवसर पर उन्होंने नोएडा के समस्त नागरिकों से राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने और निर्धारित समयसीमा में अपनी स्वगणना पूरी करने की अपील की।
30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी स्वगणना की सुविधा
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्वगणना अभियान 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान नागरिक घर बैठे भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी एवं अपने परिवार की आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्वगणना सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद पोर्टल से प्राप्त स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) को सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। जब जनगणना प्रगणक घर पहुंचे तो उन्हें यह पहचान संख्या उपलब्ध करानी होगी, जिससे दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके।
2,350 प्रगणक और 364 सुपरवाइजर संभालेंगे जिम्मेदारी
चार्ज अधिकारी, नोएडा श्री इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि नोएडा में जनगणना के क्षेत्रीय कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 2,350 प्रगणक एवं 364 सुपरवाइजर की तैनाती की गई है। ये कर्मचारी 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। स्वगणना की अवधि के दौरान भी जनगणना से जुड़े कर्मचारी अपने आवंटित क्षेत्रों एवं ब्लॉकों में जाकर नागरिकों को ऑनलाइन स्वगणना के प्रति जागरूक करेंगे। इसके लिए नोएडा में विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किराये पर रहने वाले लोगों की भी होगी गणना
चार्ज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नोएडा क्षेत्र में निवास करने वाला कोई भी व्यक्ति गणना से वंचित न रहे और किसी भी व्यक्ति की जानकारी दोबारा दर्ज न हो। उन्होंने बताया कि नोएडा में किराये पर रहकर नौकरी, व्यवसाय अथवा अन्य कार्य करने वाले लोगों की गणना भी नोएडा में ही की जाएगी। इसलिए सभी नागरिकों से अपील है कि वे जनगणना प्रक्रिया में पूरा सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
व्यक्तिगत जानकारी रहेगी पूरी तरह गोपनीय
जनगणना के दौरान नागरिकों से प्राप्त व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता को लेकर भी प्रशासन ने आश्वस्त किया है। चार्ज अधिकारी के अनुसार जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के अंतर्गत जनगणना के दौरान एकत्रित व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखी जाती है।
30 नवंबर से पहले स्वगणना पूरी करने की अपील
अंत में चार्ज अधिकारी श्री इंदु प्रकाश सिंह ने नोएडा के समस्त निवासियों से अपील की कि वे 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपनी एवं अपने परिवार की स्वगणना अवश्य पूरी करें। साथ ही 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान करें, ताकि जनगणना-2027 का कार्य पारदर्शी, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।


