बाल विवाह रोकथाम अभियान: हाथरस पुलिस ने कॉलेज में छात्र-छात्राओं को किया जागरूक, 1098 और 112 पर सूचना देने की अपील
एएचटीयू थाना पुलिस ने बांग्ला पीजी कॉलेज में चलाया जागरूकता कार्यक्रम, बाल विवाह के सामाजिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की दी जानकारी
हाथरस। जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा संचालित विशेष अभियान के तहत हाथरस पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं एवं आमजन को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में 23 नवंबर 2026 को एएचटीयू थाना पुलिस टीम द्वारा बांग्ला पीजी कॉलेज, हाथरस में बाल विवाह रोकथाम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, शारीरिक एवं मानसिक विकास और उज्ज्वल भविष्य में बाधक बनता है। इस सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी और जागरूक होकर इसके खिलाफ आवाज उठानी होगी।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को बाल विवाह विरोधी जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए। साथ ही उन्हें प्रेरित किया गया कि यदि उनके आसपास कहीं भी किसी नाबालिग के विवाह की जानकारी मिलती है तो तत्काल संबंधित पुलिस थाना अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें।
पुलिस टीम ने आमजन से भी अपील की कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी नाबालिग के विवाह की जानकारी मिलने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं आमजन में बाल विवाह के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जनसहभागिता के माध्यम से समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करना रहा।


