रामदेव के दंत मंजन और घी मामले में प्रयागराज न्यायालय की अहम कार्रवाई, आपराधिक प्रकीर्ण वाद दर्ज
ब्रह्मचारी आशुतोष महाराज ने स्वयं अदालत में रखीं दलीलें, मनीष डावर की ओर से अधिवक्ता प्रदीप कुमार रस्तोगी ने प्रस्तुत किया पक्ष | अगली सुनवाई 4 दिसंबर को
प्रयागराज, रामदेव उर्फ रामकिशन यादव के दंत मंजन एवं घी से जुड़े मामले में प्रयागराज जिला न्यायालय में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। मामले में वादी ब्रह्मचारी आशुतोष महाराज और मनीष डावर न्यायालय में उपस्थित रहे। सुनवाई के बाद अदालत ने प्रकरण को आपराधिक प्रकीर्ण वाद के रूप में दर्ज कर लिया तथा अगली सुनवाई के लिए 4 दिसंबर 2026 की तारीख निर्धारित की।
यह सुनवाई माननीय सुश्री ज्योत्सना मणि यदुवंशी, अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM), प्रयागराज की अदालत में हुई। ब्रह्मचारी आशुतोष महाराज ने एक्स-इन-पर्सन के रूप में स्वयं न्यायालय में उपस्थित होकर मामले से संबंधित दलीलें प्रस्तुत कीं। वहीं, दूसरे वादी मनीष डावर की ओर से अधिवक्ता प्रदीप कुमार रस्तोगी ने अदालत के समक्ष पक्ष रखते हुए मामले के कानूनी एवं तथ्यात्मक पहलुओं पर अपनी दलीलें दीं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सुनवाई के उपरांत न्यायालय ने मामले को आपराधिक प्रकीर्ण वाद के रूप में पंजीकृत कर आगे की न्यायिक प्रक्रिया के लिए सुनवाई की तारीख तय की। इस कार्यवाही के बाद अब मामले में आगामी न्यायिक प्रक्रिया 4 दिसंबर को आगे बढ़ेगी।
वादीगण का कहना है कि दंत मंजन एवं घी जैसे उत्पादों की वास्तविक सामग्री, शुद्धता, निर्माण प्रक्रिया और निर्माण स्रोत की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच आवश्यक है। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं और आम उपभोक्ताओं को बेचे जाने वाले उत्पादों की वास्तविक गुणवत्ता और सामग्री के संबंध में पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए तथा जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
ब्रह्मचारी आशुतोष महाराज ने कहा कि यह मामला केवल दो उत्पादों तक सीमित नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं के विश्वास, उत्पादों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनहित से जुड़ा विषय है। श्रद्धालु विश्वास के साथ जिन उत्पादों का उपयोग करते हैं, उनकी वास्तविक सामग्री और गुणवत्ता की जानकारी स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने निष्पक्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से तथ्यों को सामने लाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं, मनीष डावर, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री कृष्ण सेना एवं सदस्य श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट, मथुरा ने कहा कि 15 जनवरी से प्रयागराज में माघ मेला शुरू होने जा रहा है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धा के नाम पर यदि मिलावटी उत्पाद बेचे जाते हैं तो इससे श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को ठेस पहुंचती है। उन्होंने संबंधित उत्पादों की निष्पक्ष जांच कराए जाने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ न हो।
अब इस मामले में सभी की निगाहें 4 दिसंबर 2026 को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां न्यायालय के समक्ष प्रकरण की आगे की प्रक्रिया बढ़ने की उम्मीद है।
ब्रह्मचारी आशुतोष महाराज
अध्यक्ष — श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट, मथुरा
मुख्य वादी एवं वाद मित्र — श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण
मनीष डावर
राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष — श्री कृष्ण सेना


