गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर निकली भव्य कलश यात्रा, सामाजिक समरसता का दिया संदेश
भारतीय जनता पार्टी, गौतमबुद्धनगर के तत्वावधान में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती, गुरु पूर्णिमा एवं समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्रेटर नोएडा मंडल के बीटा सेक्टर में संत सम्मान कार्यक्रम एवं भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संत-महात्माओं का सम्मान कर सामाजिक समरसता, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम के उपरांत निकाली गई कलश यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। यह कलश यात्रा ग्रेटर नोएडा मंडल से दनकौर एवं रबूपुरा मंडल के लिए रवाना हुई। अभियान के तहत यह यात्रा जनपद के सभी 11 मंडलों में भ्रमण करेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन से समाज को समानता, सेवा, सद्भाव और मानवता का अमूल्य संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर समरस, संगठित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का समरसता संकल्प अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने का अभियान है। गुरु रविदास महाराज के विचार सामाजिक समरसता, समान अवसर और राष्ट्रसेवा की भावना को सशक्त बनाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प के साथ सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह संतों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर सामाजिक एकता को और मजबूत बनाए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, वीरेंद्र भाटी, धर्मेंद्र भाटी, सतेंद्र नागर, सरदीप नागर, मीडिया प्रभारी कर्मवीर, अश्वनी गोयल, आर्य महेश शर्मा, अर्पित तिवारी, गायत्री तिवारी, गीता सागर, मनोज मावी, गजेंद्र वाल्मीकि सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित जनों द्वारा सामाजिक समरसता, राष्ट्र सेवा और विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेकर किया गया।






