इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के सहयोग से ग्रेटर नोएडा में ‘अभिनारी प्रगति’ सिलाई कौशल विकास केंद्र का शुभारंभ
महिलाओं को मिलेगा आधुनिक सिलाई प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर
बिरौंडी, ग्रेटर नोएडा 
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) सहयोग से स्थापित ‘अभिनारी प्रगति सिलाई कौशल विकास केंद्र’ का उद्घाटन सोमवार को बिरौंडी, ग्रेटर नोएडा में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) श्री अतुल गुप्ता रहे। उनके साथ निदेशक (वित्त) श्री संजय जिंदल, निदेशक (मानव संसाधन) श्री रूपेश कुमार सिंह, महाप्रबंधक श्री विवेक अवस्थी, सुश्री मालविका भटनागर, श्री साहिल कपूर, अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में महिला लाभार्थी उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के पारंपरिक स्वागत, फीता काटकर केंद्र के उद्घाटन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया तथा सिलाई एवं परिधान निर्माण से संबंधित प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभव एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुश्री मनीषा भाटिया ने कहा कि यह केंद्र महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस पहल के लिए इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के सहयोग एवं विश्वास के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में ईआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री अतुल गुप्ता ने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और समावेशी सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को पूरे समर्पण के साथ इस अवसर का लाभ उठाने तथा अपने कौशल को रोजगार एवं स्वरोजगार में बदलने के लिए प्रेरित किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम के दौरान महिला लाभार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के उपरांत सभी अतिथियों ने महिला प्रशिक्षुओं एवं परियोजना टीम के साथ समूह छायाचित्र भी खिंचवाया।
‘अभिनारी प्रगति सिलाई कौशल विकास केंद्र’ का उद्देश्य महिलाओं को आधुनिक सिलाई एवं परिधान निर्माण का प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है।
यह पहल इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड और अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की महिलाओं के कौशल विकास, आजीविका संवर्धन और समावेशी सामाजिक विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।






