37 चोरी के पाइप, वारदात में प्रयुक्त सीएनजी ऑटो और 2 अवैध चाकू बरामद
थाना बीटा-2 पुलिस ने घरों एवं निर्माणाधीन भवनों में चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किए गए 37 लोहे के पाइप, वारदात में प्रयुक्त एक सीएनजी ऑटो रिक्शा तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हरि शंकर पुत्र राम प्रकाश निवासी ग्राम उमरी, थाना बिंवार, जिला हमीरपुर, हाल निवासी ग्राम विरौड़ा, थाना बीटा-2, ग्रेटर नोएडा तथा शेरू पुत्र बाबू निवासी उस्मानपुर, शास्त्री पार्क, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों को सेक्टर सिग्मा-1 के सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार किया गया।
रेकी कर बंद मकानों को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त हरि शंकर सीएनजी ऑटो रिक्शा से दिन और रात के समय सेक्टरों में सवारियों को लाने-ले जाने के दौरान बंद मकानों और निर्माणाधीन भवनों की रेकी करता था। ऐसे मकानों की पहचान करने के बाद, जहां देखरेख करने वाला कोई व्यक्ति मौजूद न हो, दोनों आरोपी वहां से लोहा, स्टील, पीतल और अन्य सामान चोरी करते थे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
चोरी किए गए सामान को सीएनजी ऑटो में रखकर दोनों आरोपी उसे बेच देते थे और उससे प्राप्त धन को आपस में बांटकर अवैध रूप से कमाई करते थे। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपी अपने पास अवैध चाकू भी रखते थे।
30 जुलाई की चोरी का भी खुलासा
पुलिस के मुताबिक, दोनों अभियुक्तों ने 30 जुलाई 2026 को सेक्टर-36 स्थित ई-87 के निर्माणाधीन भवन से लोहे के पाइप आदि चोरी किए थे। इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर 31 जुलाई 2026 को थाना बीटा-2 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया।
हरि शंकर पर पहले से कई मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त हरि शंकर का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना सूरजपुर में चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना बीटा-2 में भी संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बरामदगी
- चोरी किए गए 37 लोहे के पाइप
- वारदात में प्रयुक्त एक सीएनजी ऑटो रिक्शा
- 02 अवैध चाकू






