5 प्रतिशत आवासीय भूखंड, आबादी निस्तारण और गांवों की मूलभूत सुविधाओं समेत लंबित मांगों को लेकर भाकियू ने बनाई रणनीति
नोएडा।
संयुक्त किसान मोर्चा एवं भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर 13 अगस्त 2026 को नोएडा में ट्रैक्टर तिरंगा सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। किसानों की वर्षों से लंबित समस्याओं और विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने यात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर रणनीति पर चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने बताया कि चौधरी राकेश टिकैत के दिशा-निर्देश पर प्रस्तावित ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा शिव मंदिर, सलारपुर से शुरू होकर सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन होते हुए सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचेगी। प्राधिकरण कार्यालय पर यात्रा का समापन किया जाएगा।
नोएडा प्राधिकरण को सौंपा जाएगा ज्ञापन
यात्रा के बाद किसानों की ओर से नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से वार्ता कर विभिन्न राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। किसानों की प्रमुख मांगों में वर्षों से लंबित 5 प्रतिशत आवासीय भूखंड, आबादी निस्तारण, गांवों से जुड़े प्राधिकरण के लंबित प्रकरण तथा गांवों में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं शामिल हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अशोक भाटी ने कहा कि किसानों की कई मांगें लंबे समय से प्राधिकरण के स्तर पर लंबित हैं। किसान लगातार अपनी समस्याओं के समाधान की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के कारण किसानों में नाराजगी है।
समाधान नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि किसान अपनी जायज मांगों के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं। यदि ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं का निर्धारित समय में समाधान नहीं किया गया तो ट्रैक्टर तिरंगा मार्च के बाद नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ बड़े किसान आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसान शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाएंगे और लंबित मांगों के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर शामिल होने की अपील
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों से 13 अगस्त को अपने-अपने ट्रैक्टरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाकर बड़ी संख्या में ट्रैक्टर तिरंगा सद्भावना यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।
बैठक में एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, महानगर अध्यक्ष श्रीपाल कसाना, अनिल खारी, सिंहराज गुर्जर और धीरेश लंबरदार सहित भारतीय किसान यूनियन के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
संगठन ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से किसानों की समस्याओं को शांतिपूर्ण ढंग से प्राधिकरण और शासन तक पहुंचाया जाएगा तथा लंबित मांगों के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की मांग की जाएगी।






