शिवालयों, कांवड़ मार्गों और शिविरों का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा-सुविधा को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गौतमबुद्धनगर, महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा-2026 को जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह एवं जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सोमवार को जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों, शिवालयों एवं कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने चिल्ला बॉर्डर, श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर, सेक्टर-14ए नोएडा तथा शिव मंदिर नानकेश्वर, ग्राम भाईपुर, जेवर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों एवं कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं तथा शिविरों में उपलब्ध अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली गई।
कांवड़ शिविरों में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष जोर
कांवड़ शिविरों के निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने शिविरों में बनाए गए किचन, खाद्य सामग्री, भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं शिविर संचालकों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों को मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खान-पान उपलब्ध कराया जाए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने भोजन तैयार करने वाले स्थानों पर विशेष साफ-सफाई रखने तथा शिविरों में स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मजबूत
अधिकारियों ने कांवड़ शिविरों में लगे सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा संभावित स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पुलिस एवं प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मेडिकल कैंप में पर्याप्त दवाइयों और चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता के निर्देश
मेडिकल शिविरों का निरीक्षण करते हुए पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने उपलब्ध दवाइयों, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था एवं चिकित्सकीय स्टाफ की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मेडिकल कैंपों में आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और चिकित्सकीय टीमें पूरी तत्परता के साथ तैनात रहें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
यातायात और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष तैयारी
महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों के आवागमन को देखते हुए अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रमुख कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को प्राथमिकता देने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने को कहा गया।
साफ-सफाई, प्रकाश और पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्गों एवं शिवालयों के आसपास साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ शिविरों में भोजन, चिकित्सा, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी करने को कहा।
दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखकर आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखें।
पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सेवाएं पूरी तत्परता के साथ संचालित हों, जिससे जनपद में महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराया जा सके।
इस अवसर पर एडिशनल सीपी राजीव नारायण मिश्रा, डीसीपी नोएडा साद मियां खान, डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम, डीसीपी (मुख्यालय) शव्या गोयल, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






