ढाई किलोमीटर तक लहराता रहा तिरंगा, 16 स्थानों पर पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत; 8 स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह
गोरखपुर, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में गोरखपुर महानगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। पूरे यात्रा मार्ग पर ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा।
तिरंगा यात्रा के दौरान गोरखपुर की सड़कें तिरंगे के रंग में रंगी नजर आईं। अनगिनत हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा ने यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली यात्रा का शहरवासियों ने पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया।
महारानी लक्ष्मीबाई को नमन कर शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम परिसर स्थित पार्क में स्थापित वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर प्रथम स्वातंत्र्य समर में उनके योगदान को नमन किया। इसके बाद उन्होंने मंच पर भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति को केंद्र में रखते हुए लोगों से राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। इसके बाद मुख्यमंत्री टाउन हॉल पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तिरंगा यात्रा की अगुवाई करते हुए आगे बढ़े।
यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भी तिरंगा हाथों में लेकर यात्रा में कदम से कदम मिलाते नजर आए।
तिरंगे से सजा गोरखपुर, हर ओर गूंजे देशभक्ति के नारे
यात्रा शुरू होने से पहले ही नगर निगम परिसर में बड़ी संख्या में लोग पहुंच चुके थे। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने तिरंगा लेकर यात्रा में भाग लिया। बड़ी संख्या में लोग ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की टी-शर्ट और कैप पहने हुए दिखाई दिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, लोगों का उत्साह भी बढ़ता गया। सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
16 स्थानों पर पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत
तिरंगा यात्रा के मार्ग में 16 स्थानों पर विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों की ओर से ढोल-नगाड़ों के साथ पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
इनमें होटल शिवाय के सामने दवा विक्रेता समिति, पतंजलि स्टोर के सामने मारवाड़ी युवा मंच, कचहरी चौक पर अधिवक्ता परिषद, कृपाल वस्त्रालय के सामने सिंधी समाज, जलकल के सामने गोलघर व्यापार मंडल, गांधी आश्रम के सामने मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सेवा समिति, बलदेव प्लाजा के सामने बलदेव प्लाजा व्यापार एसोसिएशन, गणेश चौक पर सिख समाज, नेशनल मेडिकल स्टोर के समीप अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, काली मंदिर के पास पार्षद मनु जायसवाल, साइबर थाना के सामने पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल, पुलिस लाइन तिराहा पर सराफा मंडल, सीओ कार्यालय के सामने अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, यातायात तिराहा पर राप्ती कॉम्प्लेक्स व्यापार एसोसिएशन, मालकिन होटल के पास चिकित्सा प्रकोष्ठ तथा वरदान होटल के सामने शिक्षक प्रकोष्ठ शामिल रहे।
8 स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
तिरंगा यात्रा को यादगार बनाने के लिए लोक कलाकारों और संस्कृतिकर्मियों ने भी विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। यात्रा के दौरान 8 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
होटल शिवाय के पास बंटी बाबा ग्रुप, कचहरी चौक पर सोनिका सिंह ग्रुप, जलकल पर सुगम सिंह ग्रुप, गोलघर सेंट्रल के सामने रुचि कोरी ग्रुप, काली मंदिर के पास हीना कोमल शर्मा ग्रुप, पुलिस लाइन तिराहा पर प्रेम पराया ग्रुप, यातायात तिराहा पर गजेंद्र ग्रुप तथा वरदान होटल के पास विंध्याचल आजाद ग्रुप ने प्रस्तुतियां दीं।
महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के साथ यात्रा का समापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पदयात्रा करते हुए रेलवे स्टेशन के सामने स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंचे। यहां उन्होंने प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर तिरंगा यात्रा का समापन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तिरंगे गुब्बारे छोड़े और सेल्फी लेकर इस यादगार पल को कैमरे में कैद किया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी वितरित की।
मोबाइल कैमरों में यात्रा को कैद करने की रही होड़
तिरंगा यात्रा के भव्य दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने के लिए शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सड़क किनारे, दुकानों के बाहर, डिवाइडर और घरों की छतों से लोग यात्रा की तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए। तिरंगे से सजे पूरे मार्ग और उमड़े जनसमूह ने गोरखपुर में देशभक्ति के उत्सव का भव्य वातावरण प्रस्तुत किया।






