लढ़पुरा गांव पहुंचा ‘खेल मैदान बचाओ’ जनजागरण अभियान, ग्रामीणों का मिला अपार समर्थन
क्षेत्रीय खेल परिसर सेक्टर-37 में हॉकी स्टेडियम के प्रस्ताव के विरोध में गांव-गांव जनजागरण; अक्टूबर तक निर्माण कार्य रोकने के प्राधिकरण के निर्णय का स्वागत
ग्रेटर नोएडा, क्षेत्रीय खेल परिसर, सेक्टर-37 ग्रेटर नोएडा में दर्जनों खेलों एवं सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए उपयोग होने वाले रनिंग ट्रैक को बंद कर हॉकी स्टेडियम बनाए जाने के विरोध में खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति द्वारा चलाया जा रहा जनजागरण अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। ऐच्छर गांव से शुरुआत के बाद बुधवार को समिति के सदस्य जेवर विधानसभा क्षेत्र के लढ़पुरा गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने अभियान को अपना व्यापक समर्थन दिया।
समिति सदस्य मुकेश चौधरी ने बताया कि क्षेत्रवासियों के एकजुट प्रयासों के बाद क्षेत्रीय खेल परिसर का ताला खोला जा चुका है और बच्चे एवं युवा दोबारा मैदान में अपनी खेल एवं फिजिकल तैयारी कर पा रहे हैं। उन्होंने इसे युवाओं के संघर्ष की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
समिति सदस्य सतेंद्र नागर आर्यबंधु ने बताया कि प्राधिकरण कार्यालय में सीईओ सुनील जी के साथ हुई वार्ता में अधिकारियों ने जानकारी दी कि युवाओं की फिजिकल तैयारियों को ध्यान में रखते हुए अक्टूबर माह तक निर्माण कार्य रोक दिया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य मुद्दों पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्णय लिया जाएगा और आगे की वार्ता में खेल मैदान बचाओ समिति को भी शामिल किया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जनजागरण के दौरान लढ़पुरा के ग्रामीणों ने क्षेत्रीय खेल परिसर की यथास्थिति बनाए रखने तथा प्रस्तावित हॉकी स्टेडियम को जीबीयू परिसर में स्थानांतरित करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि यह मैदान क्षेत्र के हजारों बच्चों और युवाओं के लिए खेल एवं सरकारी नौकरियों की तैयारी का महत्वपूर्ण और लगभग अंतिम निःशुल्क मैदान है।
मैदान में तैयारी करने वाले युवाओं की ओर से दीपक भाटी ने कहा कि यदि इस मैदान में हॉकी स्टेडियम बनता है तो ग्रामीण क्षेत्र के हजारों बच्चों एवं युवाओं के सामने खेल और शारीरिक तैयारी के लिए गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाएगी। वहीं किसान बलजीत भाटी सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि मैदान में किशोर और युवा नियमित रूप से खेलों तथा सरकारी नौकरियों की तैयारी करते हैं। मैदान की गतिविधियां बंद होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
समिति सदस्यों इंद्राज नागर एवं मिंटू डाढ़ा ने कहा कि जब तक क्षेत्रीय खेल परिसर में हॉकी स्टेडियम बनाए जाने के निर्णय पर स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक गांव-गांव जाकर ‘मैदान बचाओ, खेल बचाओ’ जनजागरण अभियान जारी रहेगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जिला अधिवक्ता बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष उमेश भाटी भी समिति के साथ लढ़पुरा पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि युवाओं के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने 7 तारीख को प्राधिकरण के साथ हुई वार्ता में रखी गई मांगों को पूरा करने तथा समिति सदस्यों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग भी उठाई।
ग्रामीणों ने कहा कि सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, जो भी जनप्रतिनिधि युवाओं की आवाज नहीं सुनेगा, उसके खिलाफ गांवों एवं सेक्टरों में जनजागरण चलाकर आगामी चुनावों में बहिष्कार का अभियान चलाया जाएगा।
“मैदान बचाओ, खेल बचाओ—युवाओं का भविष्य बचाओ”
बैठक में रंजीत, नलवीर पायला, रितेश भाटी, करतार नेताजी, सोनू भाटी, चमन शर्मा, सुंदर भाटी, अमन भाटी, आदेश भाटी, गौरव सहित खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


