तिलपता जलभराव, सेक्टर-37 खेल मैदान और एयरपोर्ट प्रभावित किसानों के रोजगार पर आर-पार की लड़ाई का ऐलान
अधिवक्ताओं ने प्राधिकरणों और जनप्रतिनिधियों को घेरा, समाधान नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध नगर में किसानों, ग्रामीणों और युवाओं से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर अधिवक्ताओं ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष उमेश भाटी ने अल्फा-1 स्थित प्रेस क्लब ऑफ भारत में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तिलपता गांव के जलभराव, सेक्टर-37 के खेल मैदान और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से प्रभावित किसानों के युवाओं को रोजगार देने की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसानों और क्षेत्रवासियों के साथ आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
तिलपता जलभराव पर पानी में बैठकर आंदोलन की चेतावनी
अधिवक्ताओं ने कहा कि तिलपता गांव का मुख्य मार्ग पिछले 6-7 वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। यह रास्ता सैकड़ों गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है, लेकिन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों के साथ पानी में बैठकर आंदोलन किया जाएगा।
सेक्टर-37 खेल मैदान बचाने को लेकर बड़ा आंदोलन
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उमेश भाटी ने कहा कि सेक्टर-37 का खेल मैदान हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है, जहां सेना, पुलिस और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा अभ्यास करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग खेल मैदान की जमीन को अन्य उपयोग में लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मैदान को बचाने के लिए उचित निर्णय नहीं लिया गया तो बड़े आंदोलन की तारीख घोषित की जाएगी।
हॉकी एसोसिएशन और जगत फार्म को लेकर गंभीर आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उमेश भाटी ने आरोप लगाया कि यहां हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर बैठे लोगों ने क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया और अब खेल मैदान की जमीन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने उद्योगपति मनजीत सिंह पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ प्रभावशाली लोग अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर खेल मैदान की जमीन को अपने हित में लेना चाहते हैं।
उमेश भाटी ने यह भी आरोप लगाया कि ग्रेटर नोएडा की प्रमुख जगत फार्म मार्केट आबादी की जमीन पर विकसित हुई है तथा प्राधिकरण अधिकारियों की कथित मिलीभगत से वहां कमर्शियल भवनों का निर्माण और बिक्री की गई, जिससे बड़े आर्थिक अनियमितताओं की आशंका उत्पन्न हुई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
एयरपोर्ट प्रभावित किसानों के युवाओं को रोजगार की मांग
एयरपोर्ट परियोजना से प्रभावित किसानों के युवाओं को रोजगार देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। उमेश भाटी ने कहा कि किसानों को नौकरी अथवा आर्थिक लाभ का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज भी कई परिवार रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास के लिए जमीन देने वाले किसानों के परिवारों को उनका अधिकार मिलना चाहिए।
गांव-गांव आंदोलन की चेतावनी
बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव धीरेन्द्र भाटी ने कहा कि यदि किसानों, युवाओं और क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो गांव-गांव आंदोलन चलाया जाएगा। अधिवक्ताओं ने मीडिया से भी जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की अपील की और कहा कि मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।


