राकेश टिकैत के आह्वान पर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर निकले किसान, पुलिस से हुई नोकझोंक और धक्का-मुक्की; आंदोलन जारी रखने का ऐलान
गौतम बुद्ध नगर, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के आह्वान पर दिल्ली के जंतर-मंतर जा रहे गौतम बुद्ध नगर के किसानों को शनिवार को पुलिस प्रशासन ने गांव चपरगढ़ और यमुना एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। दिल्ली कूच के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ निकले सैकड़ों किसानों को रोके जाने पर पुलिस और किसानों के बीच नोकझोंक एवं धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद किसान टोल प्लाजा पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों को दिल्ली जाने से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर जा रहे थे। सरकार और प्रशासन को किसानों की बात सुननी चाहिए, न कि उन्हें दिल्ली जाने से रोकना चाहिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किसानों, मजदूरों और युवाओं को न्याय मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन
भारतीय किसान यूनियन के जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने कहा कि जब तक किसानों, मजदूरों और युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर किसान, मजदूर और युवा एकजुट हैं। मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर भी विरोध जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों का आंदोलन रुकने वाला नहीं है, बल्कि मांगों का समाधान नहीं होने पर इसे और तेज किया जाएगा।
चपरगढ़ टोल पर धरना जारी रखने का ऐलान
राष्ट्रीय महामंत्री पवन खटाना और जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने संयुक्त रूप से कहा कि पुलिस प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में किसान चपरगढ़ टोल प्लाजा पर ही धरना जारी रखेंगे। आंदोलन की आगे की रणनीति भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के निर्देशानुसार तय की जाएगी।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाते हुए आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भारतीय किसान यूनियन ने स्पष्ट किया कि किसानों, मजदूरों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।


