किसान नेताओं और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं की नजरबंदी के विरोध में राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, नर्मदा गेट पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई खींचतान से लगा जाम
ग्रेटर नोएडा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके विरुद्ध महाभियोग की मांग को लेकर किसान सभा और किसान एकता संघ के कार्यकर्ताओं ने जेपी ग्रीन सोसाइटी के नर्मदा गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने गौतम बुद्ध नगर पुलिस द्वारा किसान नेताओं सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं को नजरबंद किए जाने का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर अपनी मांगें उठाईं।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के सामने गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में वोट चोरी के मुद्दे पर आवाज उठाने वाले लोगों को नजरबंद कर विरोध की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना, असहमति जताना और विरोध करना नागरिकों के बुनियादी संवैधानिक अधिकार हैं। लोकतंत्र में इन अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नगर ने कहा कि किसान सभा और किसान एकता संघ सरकार की नीतियों तथा पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे। उन्होंने गौतम बुद्ध नगर पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए मांग की कि किसान नेताओं एवं सभी सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं की नजरबंदी तत्काल समाप्त की जाए और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के अधिकार को सुनिश्चित किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके विरुद्ध महाभियोग की मांग उठाई। इसके साथ ही किसान नेताओं एवं सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं की नजरबंदी तत्काल समाप्त करने तथा कथित पुलिस दमन के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नर्मदा गेट के सामने पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी खींचतान हुई। इसके चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगें उठाईं और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर पूर्व बार अध्यक्ष जगतपाल भाटी, बुधपाल यादव, शिशांत भाटी, गुरप्रीत एडवोकेट, राहुल नागर, निशांत रावल, भोजराज रावल, सुशील सुनपुरा, सुधीर रावल, नरेश नगर, लाल नगर, विनोद नगर, कृष्ण यादव, पदम यादव, सुले यादव, उम्मेद त्यागी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


