ग्रेटर नोएडा वेस्ट से कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार, जेवर और दादरी विधानसभा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता होंगे शामिल
गौतमबुद्ध नगर। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आज ग्रेटर नोएडा वेस्ट से दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च में शामिल होने के लिए रवाना हुए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इस मार्च में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के अनुसार जेवर विधानसभा, दादरी विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ नगर पालिका, नगर पंचायत एवं विभिन्न ब्लॉकों से कांग्रेस कार्यकर्ता राजघाट पर एकत्रित होंगे। यहां से सभी कार्यकर्ता जुलूस के रूप में रामलीला मैदान की ओर प्रस्थान करेंगे और लोकतंत्र, संविधान तथा मताधिकार की रक्षा के समर्थन में आयोजित रैली में शामिल होंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि जनपद के अनेक कार्यकर्ता उनके साथ दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि सैकड़ों कार्यकर्ता राजघाट पहुंचकर एकत्रित हो चुके हैं। सभी कार्यकर्ताओं में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा को लेकर उत्साह है।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जेवर विधानसभा क्षेत्र के किशोरपुर गांव में पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बस सहित रोक रखा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के विरुद्ध बताते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस कार्यकर्ता इस कथित तानाशाही का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगे।
कांग्रेस नेताओं ने गौतमबुद्ध नगर के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से राजघाट पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि सभी साथी एकजुट होकर जुलूस के रूप में रामलीला मैदान पहुंचेंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि इस मार्च का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करना है। कांग्रेस कार्यकर्ता ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ, देश बचाओ और वोट बचाओ’ के नारों के साथ रामलीला मैदान में आयोजित रैली में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।


