चौरी-चौरा को ₹287 करोड़ की 84 विकास परियोजनाओं की सौगात, शहीदों के सम्मान में बनेगा शहीद स्मारक ओवरब्रिज
सपा सरकार में प्रदेश ने झेले 1500 दंगे, यही उनकी उपलब्धि रही: मुख्यमंत्री
अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मिलेगा पूरा मुआवजा, जल्द आएगा नया आर्थिक पैकेज
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गोरखपुर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर के ऐतिहासिक चौरी-चौरा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने ₹287 करोड़ से अधिक की लागत वाली 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपनी चार सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश में 1500 दंगे करवाए, जबकि भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकारों में 10 लाख गुंडे पाले गए थे, जो प्रदेश के विभिन्न जिलों में लूटपाट, गरीबों की जमीनों पर कब्जा और व्यापारियों तथा बेटियों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए थे। इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने अपराध और माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है।
सपा शासन में दंगे, भाजपा सरकार में विकास और रोजगार: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार के समय प्रदेश में बेटियां स्कूल जाने से डरती थीं और त्योहारों से पहले उपद्रव तथा दंगों का माहौल बन जाता था। कई स्थानों पर महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था। उन्होंने कहा कि सपा का मतलब बदमाशों को संरक्षण देना था, जबकि भाजपा सरकार विकास और बदलाव के लिए काम कर रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि पहले वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की स्थिति थी, लेकिन आज सरकार वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश को विकास की नई दिशा दे रही है।
नक्सलवाद, आतंकवाद और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में 46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और 55 करोड़ लोगों को जनधन खातों एवं आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और बिचौलियों की व्यवस्था समाप्त होने से परेशान कुछ तत्व देश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे तत्व किसान, महिला, युवा और राष्ट्र की सुरक्षा के विरोधी हैं। नक्सलवाद, आतंकवाद, अलगाववाद और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने जनता से ऐसे लोगों के दुष्प्रचार से सतर्क रहने की अपील की।
किसानों को मिलेगा पूरा मुआवजा, जल्द आएगा नया आर्थिक पैकेज
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों को राहत देते हुए कहा कि चक्रवात, असमय बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से जिन किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, उसकी भरपाई डबल इंजन की सरकार करेगी।
उन्होंने कहा कि पहले दिया गया मुआवजा पर्याप्त नहीं है। इसलिए सभी जिला प्रशासनों को तत्काल सर्वे कर प्रभावित किसानों को राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार किसानों के लिए जल्द ही नया आर्थिक पैकेज लाएगी, जिससे फसल नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जा सके।
चौरी-चौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी महामना मालवीय ने की थी: मुख्यमंत्री
चौरी-चौरा की ऐतिहासिक क्रांति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 फरवरी 1922 की घटना के बाद अंग्रेजों ने 172 किसानों, श्रमिकों और व्यापारियों को फांसी की सजा सुनाई थी। उस समय पंडित मदन मोहन मालवीय ने क्रांतिकारियों की पैरवी कर 151 देशभक्तों को फांसी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चौरी-चौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी जवाहरलाल नेहरू ने नहीं, बल्कि महामना मदन मोहन मालवीय ने की थी। उन्होंने अमर शहीद बाबू बंधु सिंह के बलिदान और मां तरकुलहा देवी की महिमा का भी स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के बलिदान और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।
शहीद स्मारक ओवरब्रिज से मिलेगी जाम से मुक्ति
मुख्यमंत्री ने भोपा बाजार रेलवे क्रॉसिंग पर बने नए ओवरब्रिज का नाम शहीद स्मारक ओवरब्रिज रखने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहले इस मार्ग पर लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता था, लेकिन दो रेलवे ओवरब्रिज बनने से आवागमन सुगम होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण के दौरान किसी भी व्यापारी की दुकान को नुकसान न पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके हितों का ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है।
इसके अलावा नगर पंचायत कार्यालय के लिए जमीन उपलब्ध होने पर तत्काल बजट देने की घोषणा भी की। प्रस्तावित कार्यालय में सीसीटीवी निगरानी, डिजिटल लाइब्रेरी और विभिन्न प्रमाणपत्रों से जुड़ी एकीकृत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
84 परियोजनाओं की सौगात, विकास कार्यों को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा क्षेत्र में ₹287 करोड़ से अधिक की लागत वाली 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान गोड़धोइया नाला परियोजना के ₹495 करोड़ के प्रथम चरण का लोकार्पण तथा ₹880 करोड़ के द्वितीय चरण और गोरखपुर सीवरेज योजना के जोन-ए तीन सहित प्रस्तावित सर्विस रोड की आधारशिला रखी गई।
इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं, जल निकासी, सीवरेज और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
विपक्ष पर कमलेश पासवान और संजय निषाद ने साधा निशाना
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज बनने से करीब 30 हजार लोगों का आवागमन सुगम होगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से विपक्ष परेशान है और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने मछुआरा समाज के लिए संचालित योजनाओं और गोरखपुर में प्रस्तावित वर्ल्ड फिशरीज सेंटर का भी उल्लेख किया।
चौरी-चौरा के विधायक श्रवण कुमार निषाद ने क्षेत्र में साढ़े चार वर्षों के दौरान 504 सड़कों के निर्माण और फायर स्टेशन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और किसानों को कृषि यंत्रों की चाबियां सौंपीं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए तथा कृषि यंत्रों की चाबियां प्रदान कीं।
ब्रह्मपुर के मठिया गांव निवासी रामबचन को कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए चाबी और प्रमाणपत्र दिया गया। भैंसही, ब्रह्मपुर के किसान अशोक सिंह को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया, जबकि सरैया, सरदारनगर के राजमंगल को सुपर सीडर यंत्र का प्रमाणपत्र दिया गया।
मुख्यमंत्री आवास योजना की लाभार्थी शीला देवी, उषा देवी, गुंजा देवी और सुनीता देवी को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। वहीं प्रगतिशील किसानों रामप्रीत मौर्य, देवेंद्र प्रताप, खैराबाद के रामभजन मौर्य और लालजी को प्रशस्ति पत्र एवं बीज किट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, राज्यसभा सांसद संगीता यादव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, चौरी-चौरा विधायक श्रवण कुमार निषाद, विधायक श्रीराम चौहान, जयप्रकाश निषाद, प्रदीप शुक्ला, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, भाजपा जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, ब्लॉक प्रमुख ब्रह्मपुर सुमन यादव, चौरी-चौरा नगर पंचायत अध्यक्ष सनी जायसवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दीपक जायसवाल, मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विकास, रोजगार, कानून-व्यवस्था, किसानों को राहत और चौरी-चौरा के क्रांतिकारियों के सम्मान को सरकार की प्राथमिकताओं के रूप में प्रस्तुत किया।


