सेक्टर-37 में आधुनिक हॉकी ग्राउंड का भूमिपूजन।
- जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने किया शिलान्यास।
- पहले चरण में 10.30 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण।
- 9 माह में तैयार होगा हॉकी ग्राउंड।
- दूसरे चरण में पवेलियन और दर्शक दीर्घा का निर्माण। स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर।

- 10.30 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण, युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय खेल हॉकी का आधुनिक मंच
ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा के खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सेक्टर-37 में आधुनिक हॉकी ग्राउंड के निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। रविवार को जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं भूमिपूजन कर परियोजना का शिलान्यास किया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
हॉकी ग्राउंड का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में लगभग 10.30 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक हॉकी मैदान तैयार किया जाएगा, जिसे अगले 9 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दूसरे चरण में खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए पवेलियन तथा दर्शक दीर्घा (गैलरी) का निर्माण किया जाएगा।
गौरतलब है कि इस हॉकी ग्राउंड के निर्माण के लिए जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह द्वारा प्रस्ताव दिया गया था, जिसके बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने आवश्यक स्वीकृतियां और निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि हॉकी भारत का राष्ट्रीय खेल है और इस खेल के प्रति युवाओं में बढ़ती रुचि को देखते हुए यह परियोजना क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह हॉकी ग्राउंड स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगा।
उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि खेल सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी और ग्रेटर नोएडा खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम प्रातः लगभग 10:30 बजे प्रारंभ हुआ और दोपहर 12:30 बजे तक चला। कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से वर्क सर्किल-5 के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम, स्थानीय जनप्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, सेक्टर-37 एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी तथा खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्थानीय नागरिकों ने भी हॉकी ग्राउंड निर्माण की पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रतिभाओं के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।






