अंडर-18 एशिया कप में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, स्वर्ण व कांस्य पदक विजेताओं का हुआ सम्मान
भोपाल। जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप-2026 में भारतीय हॉकी टीम की ऐतिहासिक सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का मुख्यमंत्री ने अपने भोपाल स्थित निवास पर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम में शामिल मध्यप्रदेश के 6 खिलाड़ियों को ₹3-3 लाख की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, कांस्य पदक विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम की 4 खिलाड़ियों को ₹1-1 लाख की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम, सिवनी और बड़वानी जैसे जिलों से निकलकर इन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इनमें से कई खिलाड़ी साधारण परिवारों से आते हैं, लेकिन अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से उन्होंने सफलता की नई मिसाल कायम की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाते रहें।
इस अवसर पर खिलाड़ियों ने भी मिले सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी देश के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प दोहराया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






