हाथरस पुलिस की बड़ी सफलता
हनुमान टीला बाबा हत्याकांड, डाकघर चोरी और कैनरा बैंक सेंधमारी का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार व 1 बाल अपचारी हिरासत में
हाथरस, 28 जुलाई 2026।
पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में एसओजी टीम, एंटी थेफ्ट टीम एवं थाना सहपऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन संगीन घटनाओं का सफल अनावरण किया गया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सरिया, ईंट तथा चोरी की गई एसबीआई स्वैप मशीन के पार्ट्स बरामद किए गए हैं।
तीन वारदातों का एक साथ खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि एक ही गैंग ने हनुमान टीला बाबा हत्याकांड, डाकघर से स्वैप मशीन चोरी तथा कैनरा बैंक में सेंधमारी जैसी तीनों वारदातों को अंजाम दिया था।
तकनीकी जांच से मिली बड़ी सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी, एंटी थेफ्ट, सर्विलांस, थाना सहपऊ पुलिस एवं तकनीकी टीम सहित पांच विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। इसके साथ ही यक्ष (YAKSH) ऐप, मोबाइल डेटा, डिजिटल ट्रेल, तकनीकी सर्विलांस और ग्राउंड इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटनास्थल पर मिले विशिष्ट फुटमार्क भी जांच का महत्वपूर्ण आधार बने, जिनकी मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हनुमान टीला मंदिर में आयोजित होने वाली भागवत कथा के लिए चंदा एकत्र होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने चोरी की योजना बनाई। चोरी के प्रयास के दौरान मंदिर में रह रहे दिलीप कुमार उर्फ चन्दो बाबा जाग गए और आरोपियों को पहचान लिया। पहचान उजागर होने के डर से आरोपियों ने सरिया और ईंट से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद भी धन नहीं मिलने पर आरोपियों ने डाकघर से एसबीआई की स्वैप मशीन चोरी की, लेकिन उससे पैसा निकालने में असफल रहने पर मशीन को तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने कैनरा बैंक में सेंध लगाकर चोरी का प्रयास किया, लेकिन वहां भी कोई नकदी हाथ नहीं लगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गिरफ्तार आरोपी
- करन कुमार पुत्र अजय मेहरा, निवासी सहपऊ, हाथरस।
- सनी उर्फ धांसू पुत्र रामगोपाल, निवासी सहपऊ, हाथरस।
- एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया।
बरामदगी
- हत्या में प्रयुक्त सरिया
- हत्या में प्रयुक्त ईंट
- चोरी की गई स्वैप मशीन के पार्ट्स
पंजीकृत अभियोग
- मु0अ0सं0 104/2026 धारा 103(1) बीएनएस
- मु0अ0सं0 139/2026 धारा 305/317(2) बीएनएस
- मु0अ0सं0 140/2026 धारा 331(4)/305/62 बीएनएस
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है तथा अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता के संबंध में भी पूछताछ जारी है। वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।






