सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और भावनात्मक विदाई के बीच विद्यार्थियों ने संजोईं यादगार स्मृतियां
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट) के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) विभाग द्वारा वर्ष 2026 के स्नातक विद्यार्थियों के सम्मान में “ASTALAVISTA 2K26” फेयरवेल समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई देना तथा उनके महाविद्यालयीन जीवन की उपलब्धियों, यादों और मित्रताओं का उत्सव मनाना रहा।
समारोह उत्साह, उमंग और आत्मीयता से भरपूर रहा। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत, नृत्य, मनोरंजक गतिविधियों, इंटरैक्टिव सत्रों तथा पर्सनैलिटी राउंड के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की ऊर्जावान सहभागिता और उत्साहपूर्ण माहौल ने समारोह को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर विदाई ले रहे विद्यार्थियों ने अपने महाविद्यालयीन जीवन के सुनहरे पलों को याद किया और अपने जूनियर विद्यार्थियों व शिक्षकों के साथ भावनात्मक संवाद साझा किया। शिक्षकों और जूनियर छात्रों द्वारा दी गई शुभकामनाओं एवं प्रेरणादायी संदेशों ने समारोह को और अधिक गरिमामय एवं भावनात्मक बना दिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित व्यक्तित्व प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सुश्री सृष्टि राय एवं सुश्री अंजली ठाकुर को “मिस फ्रेशर” तथा श्री आशीष चौधरी को “मिस्टर फ्रेशर” का खिताब प्रदान किया गया। विजेताओं ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रभावशाली प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. धीरज गुप्ता ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाविद्यालय से प्राप्त ज्ञान, अनुशासन और संस्कार उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
ईसीई विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार ओझा ने सभी विद्यार्थियों को भविष्य की सफलताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति एवं सभी सहयोगियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभाग अपने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी समान महत्व देता है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग ने संस्थान के निदेशक डॉ. धीरज गुप्ता के प्रेरणादायी मार्गदर्शन एवं निरंतर सहयोग तथा विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार ओझा के नेतृत्व और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया।






