15 दिन से शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होने का आरोप, स्थानीय लोगों ने प्राधिकरण से तत्काल जलनिकासी की मांग की
ग्रेटर नोएडा। दादरी-नोएडा रोड स्थित तिलपता गांव के प्राचीन शिव मंदिर के सामने पिछले कई दिनों से लगातार पानी भरा हुआ है। जलभराव के कारण मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही बढ़ने से समस्या और गंभीर हो गई है।
स्थानीय निवासी अरुण खारी, तिलपता ने आरोप लगाया कि मंदिर के सामने जलभराव की समस्या को लेकर प्राधिकरण के डिवीजन-3 के अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
अरुण खारी के मुताबिक, प्राधिकरण के प्रभात शंकर जी को भी पिछले करीब 15 दिनों से लगातार समस्या की जानकारी दी जा रही है। इसके बावजूद पानी की उचित निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। उनका कहना है कि मौके पर पानी की निकासी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय केवल औपचारिकता निभाई जा रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मौके पर ट्रैक्टर खड़े कर दिए गए हैं, लेकिन जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे लोगों में प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िये इस मार्ग से गुजर रहे हैं। ऐसे में प्राचीन शिव मंदिर के सामने लगातार पानी भरा रहना गंभीर समस्या है। जलभराव के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में परेशानी हो रही है और सड़क पर भी आवागमन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासियों ने प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके का निरीक्षण कराया जाए और जलभराव की स्थायी निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि कांवड़ियों, श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्थानीय लोगों का कहना है कि सावन के पवित्र महीने में शिव मंदिर के सामने इस तरह जलभराव रहना चिंता का विषय है। प्रशासन और प्राधिकरण को तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान करना चाहिए।






