मेरठ में कांवड़ यात्रियों का मुख्यमंत्री ने किया अभिनंदन, ‘हर-हर बम-बम’ के जयघोष से गूंजा पश्चिमी उत्तर प्रदेश
मेरठ, श्रावण मास की दशमी तिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ पहुंचकर कांवड़ यात्रियों का अभिनंदन किया और शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनकी आस्था को सम्मान दिया। मुख्यमंत्री के साथ मेरठ के सांसद एवं अभिनेता अरुण गोविल समेत जनप्रतिनिधियों ने भी कांवड़ यात्रियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं। इस दौरान पूरे कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से भी शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई।
कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर बम-बम’ के जयघोष से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का वातावरण भक्तिमय हो उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता और समरसता का जीवंत उदाहरण बताया तथा प्रदेश सरकार की ओर से सभी शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत और अभिनंदन किया।
हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का लिया जायजा
आयोजन स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए शिवभक्तों की श्रद्धा को नमन करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
चारों ओर गूंजता रहा ‘हर-हर बम-बम’
हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर बढ़ रहे कांवड़ यात्रियों के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा में शामिल लाखों शिवभक्त सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा कर भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण का परिचय दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल हैं। मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु आगे बढ़ रहे हैं।
कांवड़ यात्रा में दिखी आस्था और उत्साह की झलक
कांवड़ यात्रा के दौरान निकली झांकियों में बाबा के गण विभिन्न स्वरूपों में नजर आए। श्रद्धालु भगवान शिव, गणेश और कार्तिकेय के स्वरूपों के साथ भक्ति में लीन दिखाई दिए। ‘बम भोले’ और ‘बम-बम’ के जयघोष व भक्ति गीतों से वातावरण शिवमय बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के क्षणों को मोबाइल कैमरे में कैद करते दिखाई दिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सुरक्षा व्यवस्था में जुटा पूरा प्रशासन
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से काम कर रहा है। जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और थाना स्तर तक के पुलिसकर्मी कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। इसके साथ ही समाजसेवी एवं धर्मार्थ संगठन जगह-जगह शिविर लगाकर कांवड़ यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रियों पर आज, कल और शिवरात्रि तक हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। उन्होंने भगवान महादेव से प्रार्थना करते हुए कहा कि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हों और प्रदेश व देश में सुख, शांति तथा सौहार्द का वातावरण बना रहे।
इस अवसर पर मेरठ के सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश सरकार के मंत्री सोमेंद्र तोमर एवं दिनेश खटीक, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी, पूर्व विधायक संगीत सोम तथा भाजपा नेता सुनील भराला सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






