आगामी त्योहारों को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट, डीसीपी सेंट्रल ने अधिकारियों के साथ की सुरक्षा समीक्षा
संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता, पैदल गश्त व फ्लैग मार्च बढ़ाने के निर्देश; सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी निगरानी
गौतमबुद्धनगर। आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा जनपद में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने एडीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री स्वतंत्र कुमार सिंह, सभी एसीपी एवं थाना प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए गोष्ठी आयोजित की।
गोष्ठी के दौरान डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च करने और स्थानीय नागरिकों तथा शांति समिति के सदस्यों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के लिए कहा गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित और सघन चेकिंग सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा होटल, गेस्ट हाउस, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार जांच और निगरानी रखी जाए।
त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अफवाह फैलाने अथवा भ्रामक सूचना प्रसारित करने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की गलत सूचना से कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
बैठक में रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रखते हुए हर स्तर पर सतर्कता एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। किसी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं।


