14 सितंबर की किसान महापंचायत को लेकर सलारपुर में किसानों ने भरी हुंकार
नोएडा प्राधिकरण पर महापंचायत की तैयारियों को लेकर बैठक, हजारों किसानों के पहुंचने का आह्वान
नोएडा, भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर आगामी 14 सितंबर को सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर प्रस्तावित किसान महापंचायत की तैयारियों को लेकर सलारपुर स्थित खेड़ा देवत चौपाल पर ग्रामवासियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कृपाल भगत ने की, जबकि संचालन भारतीय किसान यूनियन के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किया।
बैठक में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी एवं एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना प्रमुख वक्ता के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विशेष रूप से सलारपुर गांव में गंगाजल की आपूर्ति नहीं होने की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जाहिर की।
वक्ताओं ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय किसान यूनियन लगातार संघर्ष कर रही है। जब तक किसानों की जायज मांगों और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन को मजबूती के साथ जारी रखा जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में मौजूद ग्रामवासियों ने 14 सितंबर को बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों एवं बुग्गियों के साथ नोएडा प्राधिकरण पहुंचकर महापंचायत को सफल बनाने का आह्वान किया। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से महापंचायत को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।
कई युवाओं ने ग्रहण की भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता
बैठक के दौरान योगेश भाटी, सोमेश भारद्वाज, बिंटू भड़ाना, अरुण भाटी, रविंद्र भाटी एवं पुरुषोत्तम भाटी सहित दर्जनों युवाओं ने अन्य संगठनों को छोड़कर भारतीय किसान यूनियन से जुड़ने की घोषणा की और संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
किसान नेताओं ने कहा कि युवाओं एवं किसानों की बढ़ती भागीदारी से संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा किसानों की आवाज को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में झलकेस बाबूजी, भागमल शर्मा, सुखबीर प्रधान, ओमन भाटी, चरण सिंह भाटी, ताराचंद भाटी, सुभाष भाटी, मदन भाटी, गजराज नेताजी, सिंहराज गुर्जर, रतिराम ठेकेदार, राजेश सिंह, योगेंद्र मावी, जोगिंदर भड़ाना, श्रीपाल कसाना, मनोज त्यागी, विपिन प्रधान, महेश खटाना, नवल प्रधान, रोहतास खटाना, रविंद्र भगत, दिनेश बिधूड़ी एवं रहमत अली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर ‘टिकैत रसोई’ की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया।
किसानों का आह्वान
“14 सितंबर को करो तैयारी, किसान महापंचायत में पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करें।”


