पुलिस अधीक्षक ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण, पुलिसकर्मियों को दिलाई राष्ट्र की एकता-अखंडता की शपथ
हाथरस, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की 122वीं जयंती के अवसर पर पुलिस लाइन हाथरस में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा सलामी दी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए सभी पुलिसकर्मियों से सत्य, अहिंसा, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और गति देने में महात्मा गांधी जी का अप्रतिम योगदान रहा। गांधी जयंती देश के उन ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उनकी सेवाओं की सराहना की गई।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री रामानन्द कुशवाह, क्षेत्राधिकारी यातायात/लाइन्स श्री दुष्यन्त सिंह, पुलिस उपाधीक्षक गोपनीय श्री महेन्द्र पाल सिंह, प्रतिसार निरीक्षक श्री राजकुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
थानों और शाखाओं में भी दिलाई गई शपथ 
इसी क्रम में जनपद हाथरस के सभी थानों एवं पुलिस शाखाओं में भी गांधी जयंती और शास्त्री जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना एवं शाखा प्रभारियों ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा की शपथ दिलाई।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समाज में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया। साथ ही महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने कार्य एवं आचरण में अपनाने का संदेश दिया गया।


