19 करोड़ रुपये आंकी गई अधिग्रहित जमीन की कीमत, अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी में थे कॉलोनाइजर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण और जमीन पर कब्जा करने वाले कॉलोनाइजरों के खिलाफ प्राधिकरण ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने सुथ्याना गांव में बुलडोजर चलाकर करीब 9500 वर्ग मीटर अधिग्रहित जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। कब्जामुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 19 करोड़ रुपये बताई गई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यह ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। जानकारी के मुताबिक, कॉलोनाइजर प्राधिकरण की अधिग्रहित एवं कब्जा प्राप्त जमीन पर अवैध निर्माण कर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। जमीन पर अवैध रूप से मकान बनाकर कॉलोनी बसाने की तैयारी थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि सुथ्याना गांव के खसरा संख्या 798, 810, 815, 816 और 817 की लगभग 9500 वर्ग मीटर अधिग्रहित जमीन पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम के नेतृत्व में प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा और वर्क सर्किल-4 की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए जमीन को कब्जामुक्त कराया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण या कब्जा करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर उसकी पूरी जानकारी प्राप्त करें। अवैध कॉलोनियों में अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से बचें।
सीईओ एनजी रवि कुमार ने भी अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सरकारी और अधिग्रहित जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


