मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और यातायात अनुशासन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित
एडीसीपी मनीषा सिंह बोलीं— नारी सुरक्षा एवं सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी, एसीईओ प्रेरणा सिंह ने शिक्षा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का दिया संदेश
ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतमबुद्धनगर तथा एनआईईटी, ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव एवं यातायात जागरूकता को लेकर विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षाविदों, उद्यमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एडीसीपी (महिला सुरक्षा एवं यातायात) श्रीमती मनीषा सिंह, आईपीएस ने महिला सुरक्षा, महिलाओं के अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सतर्कता और यातायात नियमों के पालन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नारी सुरक्षा एवं सम्मान केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता और सतर्कता ही सुरक्षित समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने महिलाओं एवं युवाओं से साइबर दुनिया में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) श्रीमती प्रेरणा सिंह, आईएएस ने विद्यार्थियों एवं महिलाओं को संबोधित करते हुए शिक्षा, आत्मविश्वास, अनुशासन और परिश्रम को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने युवाओं को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। साथ ही राष्ट्र निर्माण एवं लोकसेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
आईबीए के अध्यक्ष श्री अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सकारात्मक कार्यपरिवेश उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
वहीं, एनआईईटी की अतिरिक्त प्रबंध निदेशक श्रीमती नीमा अग्रवाल ने कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता और नागरिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इससे पूर्व एनआईईटी के निदेशक डॉ. विनोद कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया और सामाजिक जागरूकता एवं जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण में शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में आईबीए एवं एनआईईटी के पदाधिकारी, संकाय सदस्य, औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में एनआईईटी के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. नरेश कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन महिला सुरक्षा एवं सम्मान, साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता तथा यातायात नियमों का पालन करने की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। इस आयोजन के माध्यम से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, डिजिटल सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।


