न्यू नोएडा में किसानों की जमीन कम कीमत पर लेने का आरोप, संगठन ने आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन (कृषक) की मासिक बैठक रविवार को ग्रेटर नोएडा स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय सचिव ऋषिपाल कसाना ने की। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं, प्राधिकरणों से जुड़े लंबित मुद्दों और संगठन को गांव स्तर पर मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने कहा कि तीनों प्राधिकरणों के अंतर्गत आने वाले किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन गंभीर है। किसानों के 10 प्रतिशत अतिरिक्त भूखंड, आबादी की बैकलीज, रोजगार सहित अन्य मांगों को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की जाएगी और उन्हें ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद जनपद की तीनों तहसीलों में किसान पंचायतों का आयोजन किया जाएगा। इन पंचायतों के माध्यम से किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और संगठन को गांव स्तर पर मजबूत किया जाएगा।
संगठन के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री विजय भाटी ने कहा कि न्यू नोएडा परियोजना के नाम पर किसानों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण किसानों की जमीन कम कीमत पर अधिग्रहित करना चाहता है, जिसका संगठन पुरजोर विरोध करेगा। किसानों को उचित मुआवजा और उनका अधिकार दिलाने के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
विजय भाटी ने बताया कि ऐच्छर सहित चार गांवों में 26 रुपये के मुआवजे से जुड़े मामले और अन्य समस्याओं को लेकर प्राधिकरण स्तर पर बातचीत चल रही है। संगठन इन सभी मुद्दों के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ऋषिपाल कसाना, हरेंद्र नागर, विजय भाटी, सरजीत नागर, राजीव भाटी, विकास नागर, विक्रम भाटी, अनिल नागर, इंद्र रोहिला, नरेश जाट, संजय नागर, सुनील नागर, राहुल सहित अनेक किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


